विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को किया जा रहा है मतदान के प्रति जागरूक

विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत इंदौर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान सतत जारी है। मतदाताओं को अनिवार्य एवं नैतिक मतदान हेतु प्रेरित करने के लिये विभिन्न तरह की मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदान के लिये विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। मतदाता जागरूकता गतिविधि अंतर्गत मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं, आंगनवाडी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह सदस्यों के माध्यम से जागरूकता रैली, रांगोली, पोस्टर मेकिंग, हस्ताक्षर अभियान, संकल्प पत्र एवं शपथ दिलवाना जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्वीप के नोडल अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने बताया कि मतदान तिथि की घोषणा पश्चात मतदान तिथि के प्रचार प्रसार हेतु जिला स्तर से विस्तृत स्वीप कैलेंडर तैयार की गई हैं। जिसमें प्रतिदिन मतदाता जागरूकता की अलग-अलग गतिविधियां बूथ स्तर पर संचालित की जा रही हैं। मतदाता जागरूकता गतिविधियों में विभिन्न श्रेणियों के मतदाता जैसे महिला मतदाता, युवा मतदाता, वरिष्ठ मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
स्वीप के नोडल अधिकारी ने बताया गया कि जिला स्तर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 50-50 न्यून मतदान वाले मतदान केंद्र, जिनमें 2018 के निर्वाचन में कम मतदान हुआ है, उन्हें चिन्हित कर इनमें विशेष ड्राइव चलाई जायेगी। न्यून मतदान वाले मतदान केंद्रों में विगत निर्वाचन में कम मतदान के कारणों का आंकलन कर इसके अनुसार स्वीप गतिविधि संचालित की जायेगी। आगामी सप्ताह में विभिन्न संगठनों, रहवासी संघों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, फेक्ट्री मालिकों के साथ बैठक कर मतदाता जागरूकता में सहभागी होने हेतु संवाद किया जायेगा।
Source – PRO INDORE
Comments are closed.