177.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को दी गई प्रशासकीय स्वीकृति

इंदौर
संभागायुक्त एवं इंदौर विकास प्राधिकरण के सह-अध्यक्ष श्री भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में इंदौर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा महत्वपूर्ण विकास कार्यों के संबंध में अनेक निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री योगेन्द्र कुमार, मुख्य अभियंता विद्युत विभाग श्री राजेशचन्द्र जैन, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश श्री शुभाशीष बेनर्जी, अधीक्षण यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री सुनील कुमार उदिया, मुख्य कार्यपालिक अधिकारी इंदौर विकास प्राधिकरण डॉ. परीक्षित झाड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
संचालक मंडल द्वारा पूर्वी रिंग रोड स्थित रेडीसन चौराहा पर प्रस्तावित फ्लाय ओव्हर निर्माण के लिए 76.59 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार रोबोट चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाय ओव्हर निर्माण के लिए 94.18 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। दोनों चौराहे पर फ्लायओव्हर के ‍निर्माण के बाद यातायात सुगम होगा। इसी तरह आगरा-मुंबई बायपास से प्राधिकरण की योजना क्रमांक 05 को जोड़ने वाले मास्टर प्लान एमआर-09 मार्ग के निर्माण के लिए 6.56 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। इस प्रकार गैर योजनामद के अंतर्गत कुल 177.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।

एरोसिटी के विकास के लिए 52.61 करोड़ रुपये स्वीकृत

संचालक मंडल द्वारा योजना क्रमांक 151-169-बी में आईटी कंपनियों टीसीएस/इन्फोसिस को दी गई भूमि के बदले शासन से प्राप्त भूमि, जो योजना क्रमांक 172 के समीप स्थित है, को एरोसिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही इंदौर विकास योजना-2021 के अनुसार उक्त भूमि से एयरपोर्ट तक 75 मीटर चौड़े एवं लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 52.61 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। एरोसिटी के विकास से एयरपोर्ट के समीप होटल सहित अन्य व्यावसायिक एवं सेवा गतिविधियों के विस्तार को गति मिलने की संभावना है।

योजना क्रमांक 172 के विकास के लिए 240.93 करोड़ रुपये स्वीकृत

संचालक मंडल ने एयरपोर्ट रोड स्थित योजना क्रमांक 172 के विकास कार्यों के लिए 240.93 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। योजना के विकास से शहर के समीपस्थ क्षेत्रों में अधोसंरचना एवं अन्य विकास गतिविधियों के विस्तार को गति मिलेगी।

मेघदूत उपवन से लगी भूमि के समग्र विकास को मंजूरी

योजना क्रमांक 54 के अंतर्गत मेघदूत उपवन से लगी प्राधिकरण स्वामित्व की लगभग 3.83 हेक्टेयर भूमि के समग्र विकास तथा कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए 15 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। इससे इस क्षेत्र में उपलब्ध भूमि का सुनियोजित एवं बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा सकेगा। साथ ही मेघदूत उपवन में आने वाले दर्शकों की संख्या में वृद्धि होगी।

योजना क्रमांक 97 भाग-2 के विकास कार्य की निविदा स्वीकृत

बैठक में योजना क्रमांक 97 भाग-2 के विकास कार्य के लिए न्यूनतम निविदादाता द्वारा प्रस्तुत 33 करोड़ 95 लाख 98 हजार 498 रुपये की निविदा को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे योजना के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Source – mpinfo