विद्याधर शुक्ल ज्ञान के स्वरुप तो ज्वालाप्रसाद कर्मयोगी थे- सत्तन
स्व. शुक्ला स्मृति पत्रकारिता एवं ज्योतिष सम्मान समारोह

पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में स्वच्छ सुंदर इंदौर फोटोग्राफी स्पर्धा के पुरुस्कार भी बांटे गये
इंदौर। दैनिक दोपहर के संस्थापक विद्याधर शुक्ला और ज्योतिषाचार्य ज्वालाप्रसाद शुक्ला की स्मृति में पत्रकारिता क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले पत्रकारों और विख्यात ज्योतिषियों के सम्मान का आयोजन अभिनव कला समाज में $आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रुप में राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन ने अपने उदबोधन से सभी को प्रभावित किया। इस दौरान पूर्व शिक्षामंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में आयोजित स्वच्छ सुंदर इंदौर फोटोग्राफी प्रतियोगिता के पुरुस्कार भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर सत्यनारायण सत्तन ने अपने उदबोधन में कहा कि विद्याधर शुक्ला ज्ञान के स्वरुप थे तो वहीं ज्वालाप्रसाद शुक्ला कर्मयोगी थे। दोनों ही समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहे। आपने कहा मान मर्यादा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन ही पत्रकारिता कहलाती है। इसमे कई बार संघर्ष का दौर भी आता है और आज शहर के ऐसे ही लोगों का यहां सम्मान हो रहा है। पत्रकार धन के लिए नहीं वतन के लिए समर्पित रहते हैं। यह उनके समाज में किए गए कार्यों का सम्मान भी है। इस अवसर पर रविवार पत्रिका के समूह संपादक सुभाष खंडेलवाल ने आज हो रही पत्रकारिता पर कई सवाल उठाए उन्होंने कहा कि मुंबई में आयोजित हो रहे एक फैशन वीक को कवर करने के लिए ५०० से ज्यादा पत्रकार मौजूद थे पर महाराष्ट्र में दस हजार से ज्यादा किसानों की आत्महत्या को कवर करने के लिए कोई नहीं दिख रहा था। जब इंग्लैंड में सौ साल पुराने अखबार तेजी से बंद हो रहे थे तब भारत में तेजी से यह कारोबार बढ़ रहा था। अब सबसे बड़ा सवाल पत्रकारिता में विश्वसनीयता का संकट खड़ा हो गया है। आज भी देश में भगवान राम के कार्यकाल मेंउठी धोबी की आवाज मौजूद है पर अब उसे कौन सुन रहा है?

कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र शुक्ला एवं दोपहर मीडिया ग्रुप के महाप्रबंधक वरिष्ठ पत्रकार नवनीत शुक्ला के साथ स्टेट प्रेस क्लब मध्य प्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल का इस आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दैनिक दोपहर एवं स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के सहभाग से आयोजित इस कार्यक्रम में इस बार भी पत्रकारिता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छ: वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान और एक वरिष्ठ पत्रकार को लाइफटाइम एम्यूजमेंट अवार्ड से सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही ज्योतिष के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले तीन ज्योतिष को सम्मान निधि एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। इस बार पूर्वं मंत्री स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में जो फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की गई उसका विषय स्वच्छ और सुन्दर शहर था। प्रतियोगिता में 11 हजार रुपये का प्रथम, 5 हजार रूपये का द्वितीय, 3 हजार रूपये का तृतीय पुरस्कार एवं 11 सौ रूपये के आठ प्रोत्साहन पुरुस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता राष्ट्रीय कवि सत्यनारायण जी सत्तन थे वही कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ सुभाष खंडेलवाल ने की इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश भाजपा के सचिव गौरव रणदीवे उपस्थित थे।
अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ पत्रकार नवनीत शुक्ला कार्यक्रम के संयोजक शैलेंद्र शुक्ला, प्रवीण खरीवाल के द्वारा किया गया। इस साल सम्मान पाने वाले वरिष्ठ पत्रकारों में शशिकांत शुक्ला को (लाइफटाइम अविचमेंट) अवार्ड से सम्मानित किया गया वहीं वरिष्ठ पत्रकार राजा शर्मा, गीत दीक्षित (भोपाल ), ललित उपमन्यु, वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देवेंद्र शर्मा और संजय जलगांवकर को शाल श्रीफल के साथ सम्मानित किया गया। सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में जो पुरस्कार दिए गए उनमें पत्रकार रफी मोहम्मद शेख, मुकेश मंगल को (रविन्द्र शाह सम्मान), पत्रकार राजेश पिपलोदिया, विपिन नीमा को (महेश चतुर्वेदी सम्मान), कमलेश्वर सिसोदिया (आज का अभिमन्यु सम्मान), पंकज पांडे (रविवार समूह सम्मान), राकेश राठौर (विद्याधर शुक्ला सम्मान) को सम्माननिधी के साथ सम्मानित किया गया। ज्योतिषाचार्य ज्वाला प्रसाद शुक्ला की स्मृति में जिन तीन प्रसिद्ध ज्योतिष को सम्मानित किया गया उनमें पंडित रामचंद्र शर्मा वैदिक पंडित प्रेमानंद जी महाराज और पंडित दिनेश पौराणिक शामिल थे।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता में ११ हजार रुपये का प्रथम पुरुस्कार रविन्द्र सेठिया, पांच हजार रुपये का द्वितीय पुरुस्कार देवेश मालवीय, मोहम्मद शाकिर सिद्धिकी, तीन हजार रुपये का तृतीय पुरुस्कार राजेश मालवीय, दीपक जैन एवं नितिन सोलंकी को मिला। इसके अलावा ११०० रुपये के सात प्रोत्साहन पुरुस्कार दिलीप भालेराव, प्रफुल्ल चौरसिया, नीलेश होलकर, आनंद शिवरे, ओपी सोनी, गोपाल वर्मा और विशाल चौधरी को दिया गया। कार्यक्रम का गरिमामय सफल संचालन प्रवीण खारीवाल और अंत में आभार शैलेंद्र शुक्ला के द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में दोपहर समूह के संपादक नवनीत शुक्लाने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
