तुलसी नगर को सभी संवैधानिक सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा: महापौर

इंदौर। तुलसी नगर के 537 प्लाटों का अनापत्ति प्रमाण पत्र जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम को देने के पश्चात तुलसी नगर के  नियमितीकरण की प्रक्रिया विधानसभा चुनाव के पश्चात पूर्ण होने की संभावना है। प्लाटों के नियमतिकरण के पश्चात तुलसी नगर के रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा कॉलोनी के ड्रेनेज लाइन, सड़कों के निर्माण सहित सभी अधोसंरचना विकास के कार्यों को अगले एक वर्षों में पूरा किया जाएगा।  इस आशय का आश्वासन महापौर पुष्यमित्र भार्गव  तुलसी नगर कॉलोनियों के रहवासियों को सोमवार शाम सरस्वती मंदिर प्रांगण में आयोजित एक बैठक में दिया।
विकास कार्यों से अछूते तुलसी नगर के रहवासियों को आश्वस्त करते हुए महापौर ने कहा कि उनकी मूलभूत समस्याओं के निराकरण हेतू नगर निगम सदैव तत्परता से उनके साथ है और अभी तक उनकी  मांगों के निराकरण में जो भी विलंब हुआ है उसको भी निकट भविष्य में दूर करके तुलसी नगर को सभी संवैधानिक सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
स्थानीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने रहवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कॉलोनी के जिन प्लाटों के नियमतिकरण सीलिंग एक्ट के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है, उसका निरकारण शीघ्र ही मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के अधिकारियों के साथ मिलकर कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर नगर निगम परिषद् के राजेश उदावत, स्थानीय पार्षद संगीता महेश जोशी, पार्षद प्रतिनिधि महेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी के रहवासी उपस्थित थे।

Comments are closed.