स्वतंत्रता दिवस पर नियमितीकरण में हो रहे विलंब से व्यथित तुलसी नगर के रहवासियों ने लिया अनशन, उपवास का संकल्प
15 दिनों में नियमतिकरण की घोषणा नहीं हुई तो रहवासी सड़क पर करेंगे संघर्ष; दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी।

इंदौर। आज देश के स्वतंत्रता की 77वीं वर्षगाँठ पर तुलसी नगर के रहवासियों ने सामूहिक संकल्प लिया कि यदि स्थानीय शासन, प्रशासन तथा प्रदेश सरकार द्वारा 15 दिनों के भीतर तुलसी नगर कॉलोनी के विधिवत वैधीकरण की घोषणा नहीं की गई तो कॉलोनी के समस्त रहवासी एवं क्षेत्र के लोग सड़क पर उतर कर संघर्ष करेंगे। संघर्ष के अंतर्गत शांतिपूर्ण तरीके से धरना, प्रदर्शन, उपवास तथा उसके पश्चात आमरण अनशन करेंगे ।
वार्ड क्रमांक 36-37 रहवासी महासंघ के संयोजक के के झा, अध्यक्ष राजेश तोमर,श्री तुलसी सरस्वती सोशल वेलफेयर सोसाइटी के मार्गदर्शक शम्भुनाथ सिंह, सचिव शिव बहादुर सिंह, संजय यादव, विवेक शर्मा की अगुवाई में सामूहिक संकल्प लेते हुए रहवासियों ने स्थानीय शासन के तुलसी नगर कॉलोनी के नियमतिकरण को लेकर टालमटोल रवैये पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कई सालों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर निगम, प्रशासन के अधिकारियों द्वारा तुलसी नगर के शीघ्र नियमतिकरण को लेकर दिलासा दिया गया पर उनके लम्बे इंतज़ार का अंत अबतक नहीं हो पाया है।
रहवासी महासंघ के राजेश तोमर एवं के के झा ने कहा कि तुलसी नगर के नियमतिकरण नहीं होने से रहवासियों के विरोध एवं चेतावनी का संज्ञान लेते हुए तीन महीने पूर्व 23 मई महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा रहवासियों के प्रतिनिधिमंडल को तुलसी नगर के नवीनतम लेआउट का तीन दिनों के अंदर प्रकाशन तथा कॉलोनी को 15 दिनों में नियमतिकरण करने की घोषणा की गई, पर आज 15 अगस्त तक जब देश अपनी स्वतंत्रता की 77वीं वर्षगाँठ मना रहा है, तुलसी नगर के रहवासी उनके कॉलोनी के नियमतिकरण के पूरी होने की बाट जोह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के लेआउट के प्रकाशन के पश्चात प्रशासन द्वारा रहवासियों के आपत्तियों को प्राप्त करने महीनों बाद भी तुलसी नगर के नियमितीकरण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं किया गया है। इस दरमियान रहवासी गण अनेकों बार स्थानीय विधायक हार्डिया से लेकर कलेक्टर, मेयर, एसडीएम तथा तहसील स्तर के अधिकारियों से मिलकर नियमितीकरण में हो रहे विलंब को लेकर अपनी वेदना व्यक्त कर चुके हैं पर प्रशासन किसी ना किसी मुद्दों को लेकर नियमितीकरण को विलम्बित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनावी आचार संहिता 5 अक्टूबर तक लगने की उम्मीद है, अतः रहवासी अब और अधिक धैर्य नहीं रख सकते। श्री तुलसी सरस्वती सोशल वेलफेयर सोसाइटी तथा वार्ड 36 – 37 रहवासी महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि तुलसी नगर के नियमितीकरण की आधिकारिक घोषणा 15 दिनों के भीतर नहीं की गयी तो रहवासी ना सिर्फ विरोध एवं अनशन करने पर बाध्य होंगे बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव का भी बहिष्कार करेंगे जिसमें तुलसी नगर के रहवासियों के अलावा क्षेत्र के अन्य कॉलोनियों के लोग भी शामिल होंगे।