महू में बड़गोंदा के पास फिर दिखाई दिया बाघ

इंदौर/महू। महू शहर में पिछले कई दिनों से बाघ और तेंदुए विचरण कर रहे हैं। ये दोनों वन्य प्राणी मवेशी पालक और मवेशियों का शिकार कर चुके हैं। जानकारी के बाद वन विभाग का अमला सक्रिय हो गया। कई दिनों से वन विभाग पिंजरा और अन्य संसाधन लेकर वन प्राणियों के रेस्क्यू में लगा है, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। वन विभाग के अथक प्रयासों के बाद तेंदुआ रेस्क्यू हो गया। बाघ अभी भी वन विभाग के अमले को छका रहा है। कल बाघ बड़गोंदा बालाजी मंदिर के पास विचरण करता दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भय होने लगा है।

वन विभाग की निष्क्रियता के चलते लगातार जंगलों में कुल्हाड़ी चल रही है। खत्म होते जंगलों के कारण वन्य प्राणी दाना पानी के लिए शहर की ओर आने लगे हैं। शहर में वन्य प्राणियों के प्रवेश करने से सुस्त पड़ा वन विभाग सक्रिय हुआ और वह रेस्क्यू में तेजी से जुट गया। उधर, बाघ को लेकर लोग भी अफवाह फैलने लगे, जिससे लोगों में भय बनने लगा।

मलेंडी गांव के पास तीन दिन पहले बाघ के पगमार्क भी दिखाई दिए थे। पगमार्क मिलने के बाद अमले ने मलेंडी गांव में डेरा जमा लिया था, ताकि रेस्क्यू किया जा सके। सूत्रों ने बताया कि बाघ यहां से बड़गोंदा बालाजी मंदिर तक पहुंच गया। बाघ ने किसी मवेशी को नुकसान पहुंचाया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
लगातार बाघ के भ्रमण करने के बाद सुरक्षा के लिए वन विभाग ने पर्यटन स्थल नहीं आने की जानकारी भी सैलानियों को दी, लेकिन सैलानी मनमानी कर पर्यटन स्थल पर आवाजाही कर रहे हैं।

Comments are closed.