15 लाख की चांदी लेकर हुआ था रफूचक्कर, पुलिस ने दबोचा

इंदौर। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले सराफा क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप पर हुए 15 लाख रुपए से अधिक की चांदी चोरी के सनसनीखेज मामले का इंदौर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड दुकान का ही भरोसेमंद नौकर निकला, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर करीब 6 किलो चांदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, विहर्ष ज्वेलर्स (बड़ा सराफा) के संचालक राहुल जैन ने 8 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने नौकर पंकज निमावत को आशीष कुमार मोहन लाल ज्वेलर्स से 6 किलो 105 ग्राम ‘फाइन चांदी’ लाने भेजा था। चांदी की कीमत 15 लाख 9 हजार रुपये से अधिक थी। पंकज चांदी लेकर दुकान लौटने के बजाय उसे लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 306 (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
माल खरीदने वाला दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने पंकज के पास से 4 किलो 800 ग्राम चांदी बरामद की। वहीं, चोरी का माल खरीदने वाले दूसरे आरोपी राहुल को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से 1 किलो 8 ग्राम चांदी जब्त हुई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 5 किलो 800 ग्राम चांदी रिकवर करने में सफलता हासिल की है। silver thift in indore sarafa
इस अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को सुलझाने में सराफा थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार लिटौरिया, सउनि. रणवीर सिंह राठौर, सउनि. अरविंद सिंह चौहान और साइबर टीम के आरक्षक गौरव व अरविंद पटेल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
