घर-घर जाकर मतदान का सिलसिला होगा आज से प्रारंभ
इंदौर में 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के

इंदौर इंदौर जिले में लोकसभा निर्वाचन के तहत 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदान का सिलसिला 4 मई से प्रारंभ होगा। यह सिलसिला 6 मई तक चलेगा। मतदान कराने के लिए 94 दलों का गठन किया गया है।
उक्त कार्य की प्रभारी अधिकारी तथा डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रियंका चौरसिया ने बताया कि उक्त मतदान दलो को शासकीय माध्यमिक उच्चतर विद्यालय मोतीतबेला से निर्धारित दिनों में सुबह 7 बजे मतदान सामग्री वितरित की जायेगी। मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान दल मतदान सामग्री और मत पत्र कलेक्टर कार्यालय में स्थित कोषालय के स्ट्रांग रूम में जमा करेंगे। उन्होंने बताया कि इंदौर में 85 वर्ष से अधिक आयु के 2 हजार 391 मतदाताओं तथा 443 दिव्यांग मतदाताओं ने अपने घर से मतदान करने की सहमति दी है।

जनपद पंचायत देपालपुर में BAG के सदस्यों ने बनाई मानव आकृति
लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु मतदान दिवस 13 मई को अधिक से अधिक नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग करे इसके लिए अनेक गतिविधियों का आयोजन का नियमित रूप से किया जा रहा है।
शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर पर भी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिये मतदान का संदेश दिया जा रहा है। बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप (BAG) दल के सदस्य घर-घर जा कर मतदान का महत्व समझा रहे हैं और पीले चांवल दे कर मत देने का निमन्त्रण दे रहे हैं। इंदौर जिले को मतदान में नम्बर वन बनाने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र से रैली निकाल कर भी मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है।
रैली के समापन पर मतदान करने की शपथ लेने व मतदान करने का संकल्प पत्र भरने में भी लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। मतदाताओं को मतदान करने के लिए मतदाता पर्ची के अलावा पहचान के लिए अन्य आवश्यक वैकल्पिक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है। मतदाताओं को मतदान करने के लिए मतदाता पर्ची के साथ पहचान के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किये गये वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक पहचान पत्र साथ रखना होगा।
इसी कड़ी में देपालपुर जनपद परिसर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप (BAG) दल के अन्य सदस्यों द्वारा मानव आकृति बना कर अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया। ग्राम दुधिया में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा खेल के माध्यम से मतदान जागरूकता गतिविधियों को रोचक बनाया।
source – mpinfo
Comments are closed.