नवागत संभागायुक्त एमवाय पहुंचे, देरी से आने पर एक डॉक्टर को किया सस्पेंड

इंदौर। सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्थाओं को लेकर आए दिन जहां शिकायतें आती रहती हैं वहीं आज सुबह संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने निरीक्षण के दौरान एक डॉक्टर को देर से आने पर सस्पेंड करने के निर्देश दिए जबकि कई अन्य को नोटिस भी थमाया। अस्पताल में दूर-दूर से आए मरीजों और परिजनों का जमावड़ा लग जाता है लेकिन डॉक्टर और नर्स कई बार समय पर नहीं पहुंचते हैं जिससे मरीज परेशान होते रहते हैं। सफाई को लेकर भी कर्मचारियों को जहां लताड़ लगाई गई।

Also Read – सांड ने किया हमला , किसान की मौत

नवागत संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने आज सुबह सबसे पहले एमवाय का निरीक्षण किया। अचानक एमवाय पहुंचने से यहां हड़कम्प मच गया और संभागायुक्त के दौरे की सूचना मिलने पर ताबड़तोड़ नर्स, डॉक्टर व अन्य स्टाफ पहुंचने लगे। बताया गया है कि एक डॉक्टर को देर से आने पर सस्पेंड करने के निर्देश डीन को दिए गए हैं वहीं अन्य डॉक्टरों व नर्सों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे। साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वालों को भी चेतावनी दी गई।

यहां नई-पुरानी ओपीडी के साथ वार्डों में भी संभागायुक्त ने व्यवस्थाएं देखी। इस दौरान अधीक्षक डॉ. पी.एस. ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है एमवाय अस्पताल में इंदौर के अलाव अन्य जिलों से भी लोग इलाज के लिए आते हैं मगर आए दिन कोई न कोई शिकायतें भी चलती रहती हैं। जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले जाते हैं तो कर्मचारी प्रदर्शन करते रहते हैं। मारपीट की घटना यहां आम है। पुलिस और प्रशासन एमवाय में व्यवस्थाएं सुधारने में नाकाम साबित होते हैं।