पार्टी संगठन की गतिविधियां और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाए मीडिया विभाग
मीडिया विभाग की बैठक में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री ने किया आह्वान

भोपाल। मीडिया विभाग के लोग पार्टी का चेहरा हैं। जनता उन्हें पहचानती है। उनकी जिम्मेदारी है कि वे पार्टी के दोनों अंगों संगठन तथा सरकार की छवि को जनता के बीच प्रस्तुत करें। पार्टी की गतिविधियों तथा प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कामों को पूरी ताकत से जनता तक पहुंचाएं। यह बात पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने गुरुवार को पार्टी के मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल एवं निवृत्तमान मीडिया प्रभारी तथा प्रदेश मंत्री श्री लोकेंद्र पाराशर मंचासीन थे। बैठक के पूर्व पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री रमेश शर्मा गुट्टू भैया के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
*पार्टी के लक्ष्यों को हासिल करने में सहभागी बने मीडिया विभागः मुरलीधर राव*
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने कहा कि पार्टी अब चुनाव मोड में आ गई है। इन चुनावों के लिए पार्टी ने अपने लक्ष्य तय किए हैं। इनमें से एक है 200 से ज्यादा सीटें हासिल करना और दूसरा है 51 प्रतिशत वोट शेयर। अपने स्तर पर पार्टी इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए अभियान और कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। यह मीडिया विभाग की जिम्मेदारी है कि वह अपने स्तर पर पार्टी को इन लक्ष्यों तक पहुंचाने के काम में सहभागी बनें। श्री राव ने कहा कि हमें जिला और मंडल स्तर तक प्रशिक्षित, विषय की जानकारी रखने वाले, सक्रिय और उर्जावान प्रवक्ताओं को पार्टी से जोड़ना है ताकि हम चुनाव में पूरी ऊर्जा के साथ काम कर सकें। हमें यह भी ध्यान रखना है कि जो नए लोग विभाग से जुड़ें, उनमें हर वर्ग का प्रतिनिधित्व हो। श्री राव ने कहा कि मीडिया विभाग में विभिन्न भूमिकाओं में काम करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की समीक्षा हो और उनके मूल्यांकन के लिए मापदंड तय किए जाएं। उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग में अनेक श्रेणियां हैं। सबकी अलग-अलग भूमिकाएं हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि हर व्यक्ति अपनी भूमिका को पहचाने और उसके अनुरूप काम करे, ताकि विभाग का काम सहजता से चलता रहे।

