बिजली कंपनी के एमडी ने किया दौरा

-गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति और उपभोक्ता सेवा में गंभीरता के निर्देश
इंदौर । मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) श्री अमित तोमर ने मंगलवार को उज्जैन का दौरा किया। वहां उन्होंने ज्योति नगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बिजली आपूर्ति, ट्रिपिंग-ट्रांसफार्मर फेल रेट घटाने, राजस्व संग्रहण आदि विषयों को लेकर सभी कार्यपालन यंत्रियों से सीधे बात की। श्री तोमर ने समय पर ऊर्जा विभाग, बिजली कंपनी द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों की पूर्ति के निर्देश दिए। श्री तोमर ने विशेष तौर पर कहा कि गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति, त्रुटिरहित बिल और उपभोक्ता सेवाओं का गंभीरता पूर्वक संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में कोई कर्मचारी, अधिकारी लापरवाही नहीं करे। उन्होंने कहा कि यदि मौसमी कारणों से बिजली आपूर्ति में बाधा आती है, तो टीम वर्क कर इसे कम समय में सामान्य करे। इस अवसर पर उज्जैन के अधीक्षण यंत्री श्री पीएस चौहान, श्री केके शर्मा, कार्यपालन यंत्री सर्वश्री राजेश हरोड़े, सतीश कुमरावत, अमरेश सेठ, रजनीश यादव, रत्नेश आयाचित, नीमेश कुमार, अशोक शर्मा, जयेंद्र ठाकुर, एसएन वर्मा, आरपी सिंह आदि मौजूद थे।
Comments are closed.