Ladli Laxmi Utsav: इंदौर जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया लाड़ली लक्ष्मी उत्सव

मंत्री से लेकर पार्षदों ने लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं का किया सम्मान*
जिले में 312 पंचायतों, 9 नगर परिषदों, 4 जनपद मुख्यालयों और जिला स्तर पर हुए विभिन्न कार्यक्रम*
मंत्री श्री सिलावट की उपस्थिति में सांवेर और सांसद श्री शंकर लालवानी की उपस्थिति में इंदौर में हुआ कार्यक्रम*
इंदौर इंदौर जिले में लाड़ली लक्ष्मी दिवस के अवसर पर आज लाड़ली लक्ष्मी उत्सव का उमंग और उत्साह के साथ जगह-जगह आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले में सभी 312 ग्राम पंचायतों, 9 नगर परिषदों, 4 जनपद पंचायत मुख्यालयों और जिला मुख्यालय पर वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जिले की लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में चयनित लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में नगर परिषद सांवेर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी तरह जिले का मुख्य कार्यक्रम रविंद्र नाट्य गृह में आयोजित किया गया यह कार्यक्रम सांसद श्री शंकर लालवानी, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त सुश्री हर्षिका सिंह की विशेष उपस्थिति में आयोजित किया गया।
Also Read – BRTS INDORE: बीआरटीएस में बदलाव तो स्टेशन बनाएगा प्राधिकरण
जिले में आयोजित कार्यक्रमों में लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं का पूजन किया गया। साथ ही उन्हें सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रमों में लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं ने उत्साह और उमंग के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी।
जिले में इन कार्यक्रमों में भोपाल से प्रसारित मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। सांवेर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की शुरूआत कर बालिकाओं के जन्म को वरदान बनाया है। समाज में अब बालिकाओं का जन्म होने पर खुशियां मनाई जाती है। समाज में बालिकाओं के प्रति मान-सम्मान की वृद्धि हुयी है।
इसी तरह इंदौर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना देश की आदर्श योजना है। इसका अनुकरण अब दूसरे राज्य भी करने लगे हैं।
