गुट्टू भैया राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में हुए विलीन

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा गुरूवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक श्री रमेश शर्मा ’गुट्टू भैया’ की अंत्येष्ठि में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्व. रमेश शर्मा के निवास पहुंचकर पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित करके उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की। गुट्टू भैया की अंतिम यात्रा उनके निज निवास से प्रारंभ होकर छोला विश्राम घाट पहुंची। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा सहित मध्यप्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक सहित विभिन्न दलों के नेतागण अंतिम यात्रा में शामिल हुए। गुट्टू भैया राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए। मुखाग्नि उनके पुत्र श्री अंकित शर्मा ने दी।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने शोक सभा में कहा कि गुट्टू भैया ने भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को सुदृढ़ बनाने में महती भूमिका का निर्वहन किया। कार्यकर्ताओं से उनका आत्मीय संबंध था। गुट्टू भैया की पहचान प्रदेश से लेकर संपूर्ण राष्ट्र में थी। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटलजी और पार्टी के वरिष्ठ नेता भोपाल प्रवास के दौरान उनसे अवश्य मिलते थे। गुट्टू भैया के निधन से भारतीय जनता पार्टी परिवार ने एक कर्मठ और जुझारू नेता खो दिया है। शोक सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री प्रभात झा, प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, सांसद सुश्री प्रज्ञा सिंह ठाकुर, कांग्रेस के नेता श्री पीसी शर्मा, श्री राजकुमार पटेल सहित विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेतागण एवं समाज के पदाधिकारियों ने भी संवेदनाएं व्यक्त की।

Comments are closed.