लगातार बारिश से तापमान और लुढ़का, सामान्य से 5 डिग्री नीचे

इंदौर। बारिश का दौर शहर में आज भी जारी रहेगा। बीती रात कई बार तेज बारिश हुई और 24 घंटे में 3 इंच बारिश दर्ज हो गई। इस बीच अब तापमान भी सामान्य से काफी नीचे चला गया। कल दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 5 डिग्री कम था। हालांकि रात का तापमान अभी भी सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। कुल बारिश 30 इंच के पार पहुंच गई है। औसत बारिश के लिए अभी भी 7 इंच की आवश्यकता है। शहर के तालाबों में तेजी से जल स्तर बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में चक्रवाती हवा के चलते बादल छाए हुए हैं और पिछले 3 दिनों से बारिश का दौर जारी है। कल दिनभर पानी बरसा। साथ ही बीती रात भी झमाझम बारिश हुई। आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा। 24 घंटे में 3 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट आ गई। कल दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ वहीं बीती रात तापमान सामान्य से 1 डिग्री ऊपर था। पिछले वर्ष इस समय तक 40 इंच से अधिक बारिश हो चुकी थी। हालांकि इंदौर जिले में 37 इंच औसत बारिश होती है अर्थात अभी 7 इंच बारिश और चाहिए। अगस्त में इस बार मात्र 3 इंच ही पानी बरसा था। अब सितम्बर में बादल फिर मेहरबान हुए और 3 दिनों से लगातार पानी बरस रहा है।
Comments are closed.