कार्तिक पूर्णिमा पर ताप्ती तट पर उमड़ा श्रद्धालुओ का सैलाब

Crowd of devotees gathered on Tapti bank on Kartik Purnima
Crowd of devotees gathered on Tapti bank on Kartik Purnima
मुलताई- कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ताप्ती तट पहुंचकर ताप्ती सरोवर में श्रद्धा की डुबकी लगाई और मान्यता अनुसार असीम पुण्य की प्राप्ति की। रात से ही हाथों में श्रद्धा सुमन थाल लिए और मन में मां ताप्ती दर्शन की आस लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र मे पहुंचना प्रारंभ हो गया था और सुबह होते ही ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड और रिमझिम बरसात के बीच हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने ताप्ती स्नान कर मां ताप्ती मंदिर, जगदीश मंदिर, तप्तेश्वर महादेव, राम मंदिर मे विशेष पूजा अर्चना की,दिन चढ़ने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ते गई और पूरे दिन स्नान और पूजन का कार्य चलता रहा।
जगह-जगह आयोजित हुए भंडारे
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जगह-जगह भंडारे प्रसादी का आयोजन किया गया था। बस स्टैंड मुलताई पर टैक्सी यूनियन, जयस्तभ चौक पर ताप्ती सेवा मंडल एवं रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों द्वारा विशाल भंडारे प्रसादी का आयोजन किया गया। साउंड टेंट एसोसिएशन सहित विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पर भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें लायंस क्लब द्वारा सुबह 5 बजे से गायत्री शक्ति पीठ पर 5000 कप चाय का वितरण किया गया, वहीं अन्य स्थानों पर पोहा, चना, खीर, खिचड़ी एवं संपूर्ण भोजन भी बांटा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट पर रहा प्रशासन
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर व्यवस्था बनी रहे इसके लिए इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक इंतजाम किए गए थे जगह-जगह तैनात नगर पालिका कर्मचारी श्रद्धालुओं को सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे।  नगर पालिका ने सरोवर पर सुरक्षा की दृष्टि से लोहे की चेन के साथ ही रस्सी भी बाध रखी थी और नगर पालिका कर्मचारी लोगों को रस्सी के अंदर स्नान करने के निर्देश दे रहे थे। ताप्ती तट पर नाविक और तैराक भी ताप्ती तट पर उपस्थित रहकर स्नान करने वालों पर नज़रें बनाए हुए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। महिलाओं के स्नान के लिए जगह-जगह कनाथ बांधकर स्नान व्यवस्था की गई थी । नगर के मध्य से गुजरने वाले मुख्य मार्ग को वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर मासोद रोड से डायवर्ट कर दिया गया था ।
पूर्वजों की स्मृति और देवों को लेकर स्नान करने पहुंचे ग्रामीण
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूर्वजों की स्मृति में बनाए गए प्रतिको और परिवार के देवों को पवित्र ताप्ती सरोवर में स्नान करने की मान्यता है माना जाता है कि इससे वह पवित्र हो जाते हैं और स्नान कराने वाले को  पुण्य लाभ प्राप्त होता है। ग्राम हेटी खापा से आए पूरनलाल ने बताया कि वह अपने पांच पीढ़ी के बुजुर्गों के प्रतिको और अपने परिवार के देवों को स्नान कराने के लिए ताप्ती सरोवर पर हर साल आते हैं, उनके पहले उनके पिताजी भी हर वर्ष ताप्ती स्नान के लिए आया करते थे, उनके बाद वह इस जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। उनके साथ आया बालक भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की प्रतिमा को स्नान कराने अपने साथ लाया था।
नगर पालिका और समाजसेवियों द्वारा सफाई का रखा गया विशेष ध्यान
हजारों की संख्या में नगर में श्रद्धालुओं के आगमन से ताप्ती सरोवर पर पूजन सामग्री का ढेर लग गया और लोगों ने सरोवर में दीपदान के साथ पूजन सामग्री छोड़ दी, जिसका विशेष ध्यान रखते हुए समाजसेवियों और नगर पालिका के कर्मचारियों ने अपनी सफाई व्यवस्था सुबह से ही चूसते दुरुस्त रखी। समाजसेवी शेषु साहू, दीपक साहु, राहुल कोडापे आदि ने बताया कि ताप्ती तट को साफ स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए तट से पूजन सामग्री को एकत्रित कर कचरा पेटी में डालते रहे, वहीं नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा भी लगातार कचरा गाड़ियों द्वारा पूजन सामग्री से भरे डस्बिन और कचरे के ढेर को तत्काल उठा लिया गया। जिससे ताप्ती तट साफ और स्वच्छ नजर आया।

Comments are closed.