सीआईएसएफ बड़वाह ने 561 यूनिट रक्तदान कर बनाया नया कीर्तिमान
इंदौर
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बड़वाह ने स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही अभियान में 561 यूनिट रक्तदान कर मध्यप्रदेश के सुरक्षा बलों में सर्वाधिक रक्तदान का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय, इंदौर के रक्त केंद्र के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर में सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। अभियान के सफल संचालन में रक्त केंद्र के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अशोक यादव, डॉ. नरेंद्र वर्मा तथा चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रक्तदान अभियान से एकत्रित 561 यूनिट रक्त सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा। यह पहल स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को मानव सेवा के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सीआईएसएफ बड़वाह और महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय, इंदौर के रक्त केंद्र का यह संयुक्त प्रयास स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया गया है।
source – mpinfo
