Big News: खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सघन कार्रवाई

Intensive action by the Food Safety Administration

Intensive action by the Food Safety Administration

इंदौर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने संबंधी निर्देशों तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा आज एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल खंडवा रोड का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के किचन एवं भंडार कक्ष का विस्तृत परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान बनी हुई गिलकी की सब्जी, पोहा, मिक्स्ड फ्रूट जैम, मिर्च पाउडर, नमक एवं घी के कुल 06 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत जांच हेतु लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान किचन परिसर में पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई तथा पेयजल की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके अतिरिक्त किचन में जंग लगे हुए चाकू एवं चॉपिंग बोर्ड पाए गए, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। कुछ खाद्य सामग्रियों के भंडारण में FIFO (First In First Out) प्रणाली का पालन भी नहीं किया जा रहा था। विद्यालय प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा पाई गई कमियों का शीघ्र निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में शिकायतकर्ता प्रतीक जड़िया द्वारा दर्ज शिकायत के संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभुलाल डोडियार द्वारा शिकायतकर्ता से दूरभाष पर जानकारी प्राप्त की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने शीतल किराना दुकान से खरीदे गए पेपर बोट स्विग गोवा (200 मि.ली.) पेय पदार्थ की एक्सपायरी तिथि समाप्त होने संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर शीतल किराना दुकान का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संपूर्ण दुकान में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट एवं बिस्किट आदि की विस्तृत जांच की गई, जिसमें विक्रय हेतु कोई भी एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं मिली। हालांकि दुकान के गोदाम क्षेत्र में वेस्टेज के रूप में अलग रखी गई पेपर बोट स्विग गोवा 200 मि.ली. की 12 पेटियां (प्रत्येक पेटी में 24 बोतल) नष्ट किए जाने हेतु रखी हुई पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की उपस्थिति में उक्त सभी 12 पेटियों का विधिवत विनष्टीकरण (Destroy) कराया गया। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, स्वच्छता अथवा एक्सपायरी तिथि संबंधी कोई शिकायत हो तो उसकी सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा प्रशासन अथवा कलेक्टर हेल्पलाइन पर दें। प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर त्वरित जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Source – mpinfo