प्रशासनिक सर्जरी, संभागायुक्त मंत्रालय जाएंगे!
इंदौर, उज्जैन, रीवा नए नाम को लेकर निर्णय नहीं हो सका

इंदौर। विधानसभा चुनाव के पहले प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी भी लगभग पूरी हो गई है। इसके मद्देनजर कई मैदानी अधिकारियों को सुरक्षित जगह नियुक्ति दी जा रही है। अगले दो दिनों में बदलाव के आदेश जारी होने जा रहे हैं। प्रशासनिक सर्जरी में इंदौर के संभागायुक्त पवन शर्मा अब मंत्रालय में पहुंचने जा रहे हैं। उनके बदले में आने वाले में अधिकारी को लेकर अभी नाम तय नहीं है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इंदौर में तीन साल से ज्यादा समय तक रहे कुछ और अधिकारियों के भी तबादले किए जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव में अब केवल पांच महीने का ही समय बचा है। ऐसे में सरकार चुनावी तैयारियां भी प्रशासनिक मोर्चे पर कर रही है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच तबादलों को लेकर एक दौर की बातचीत हो चुकी है।
पहली सूची में ही इंदौर, रीवा और उज्जैन के संभागायुक्त बदले जा रहे हैं और सभी मंत्रालय में अब कामकाज देखेंगे। इंदौर के संभागायुक्त पवन शर्मा का कार्यकाल भी बेहतर रहा। इसके अलावा टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग के कमिश्नर मुकेश गुप्ता को भी बदला जा रहा है। इंदौर कमिश्नर को लेकर अभी कोई सहमति नहीं बन पाने के कारण सूची रुकी हुई है। अगले दो दिनों में यह जारी हो जाएगी।
Source – Dainik Dopahar