इंदौर। एमवाय के जूनियर डॉक्टर अपनी विभिन्न मांगों को पूरा करने को लेकर डीन और अधीक्षक से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन उन्हेें सफलता नहीं मिली। इसी से नाराज होकर जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने आज एमवाय अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान डीन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का अविलंब निराकरण नहीं किया गया तो वे कल रविवार से हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे मरीजों को होने वाली परेशानी की जिम्मेदारी अस्पताल प्रबंधन की होगी। Junior doctors protested for their demands एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, प्रबंधन और डीन की अनदेखी से जूनियर डॉक्टरों में रोष है। कई बार एसोसिएशन डीन को चेता चुका है कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाए, अन्यथा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। एसोसिएशन की मांग है कि उनका वेतन माह की 15 तारीख तक दिया जा रहा है। नाइट ड्यूटी के लिए स्टूडेंट यूनियन फंड 2 लाख रुपए किया जाए। पूर्व में डीन ने इस मामले में इनकार कर दिया था। जूनियर डॉक्टर ही अस्पताल में एसी, वाटर कूलर अपने खर्च से लगा रहे हैं, जबकि प्रबंधन को इन सामग्रियों के लिए फंड मिलता है। यह फंड कहां जाता है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन ने पिछले माह भी अपनी तीन से अधिक मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था।