रणजीत अष्टमी पर 12 को भव्य प्रभातफेरी बाबा रथ पर नगर भ्रमण पर निकलेंगे

ranjeet astami
ranjeet astami

इंदौर। श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक विश्वास का केंद्र शहर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित प्राचीन श्री रणजीत हनुमान धाम में रणजीत अष्टमी पर चार दिवसीय धार्मिक आयोजन का आरंभ 9 दिसंबर से होने जा रहा है। इसका शुभारंभ प्रात: 11 बजे मंदिर परिसर में मंदिर प्रशासक तथा कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा ध्वजा पूजन और ध्वज आरोहण के साथ किया जाएगा। मुख्य आयोजन 12 दिसंबर को रणजीत अष्टमी पर सुबह 5 बजे मंदिर प्रांगण से क्षेत्र में निकलने वाली प्रभात फेरी रहेगी जिसमें जय रणजीत के जय घोष के बीच स्वयं रणजीत हनुमान भक्तों द्वारा खींचे जाने वाले रथ पर विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। महू नाका से अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए प्रभात फेरी वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी तत्पश्चात महा आरती की जाएगी।

जय रणजीत भक्त मंडल, क्षेत्र के समाजसेवियों तथा मंदिर प्रशासन का यह संयुक्त आयोजन रहेगा प्रतिवर्ष निकलने वाली प्रभात फेरी सहित सभी आयोजनों की मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर तैयारी जोरों पर है मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि प्रभात फेरी में बैंड बाजे के अलावा रामायण मंडल तथा भजन मंडलीय सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, संकट मोचक हनुमान अष्टक और रामायण की चौपाइयां प्रस्तुत करते हुए चलेगी महिला मंडल भी इसमें शामिल रहेंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए मुंबई से नृत्यांगना रागिनी मक्खर 10 दिसंबर की शाम 8 बजे से मंदिर परिसर में रामायण की चौपाइयों पर नृत्य प्रस्तुति देगी। इसके पूर्व मंदिर परिसर में 21000 दीपक लगाए जाएंगे 11 दिसंबर को सुबह रणजीत बाबा का महा अभिषेक होगा और सवा लाख रक्षा सूत्र अभिमंत्रित करके भक्तों में वितरित किए जाएंगे।

सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखेंगे

श्री व्यास ने बताया कि प्रभात फेरी का पूरे मार्ग पर पुष्प वर्षा से स्वागत होगा जिसे नगर निगम के सफाई मित्रों की टीम तत्काल साफ करते हुए चलेगी ताकि शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो ऐसा ही प्रबंध चाय नाश्ते के स्टॉल लगाने वालों के लिए भी किया जा रहा है उनका डिस्पोजेबल कचरा गाडिय़ों में भरकर तत्काल हटाया जाएगा।