टमाटर के भाव 3 दिन में दोगुने 80 रुपए किलो पहुंचा

इंदौर। शहर सहित देशभर में टमाटर एक बार फिर अपने बढ़ते दामों को लेकर चर्चा में आ गया है। कुछ दिन पहले तक जो टमाटर 15 से 20 रुपए प्रति किलो में मिल रहा था, वही अब 50 से 80 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। केवल तीन दिन में दामों में इतनी तेजी आने से आम नागरिक हैरान है।
आसपास के जिलों में मांग बढऩे व बाढ़ के कारण दाम बढ़े हैं। मंडी व्यापारी बंटी शर्मा ने बताया कि बेंगलुरु, महाराष्ट्र के संगमनेर और नारायण गांव से देशभर में टमाटर की सप्लाई हो रही है। फसल कमजोर होने, बारिश व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मांग बढऩे और आवक घटने के चलते यह अचानक मूल्यवृद्धि हुई है। इंदौर की मंडी में जहां रोज 18 से 20 गाडिय़ां टमाटर की आ रहीं थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर सिर्फ 12 से 15 रह गई है। tamatar ke bhav
इससे थोक बाजार में टमाटर का भाव 35 से 40 रुपए किलो तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सितंबर में नई फसल आने तक टमाटर के दामों में गिरावट के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अन्य सब्जियों के दाम कम हैं। सबसे ज्यादा आवक खीरा और ककड़ी की हो रही है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 50 ट्राले निमाड़ क्षेत्र से मंडी में पहुंच रहे हैं।
इंदौर की बड़ी सब्जी मंडियों में खीरा-ककड़ी 5 से 7 रुपए किलो, मिर्ची बेस्ट क्वालिटी 50 से 60 रुपए किलो, भुट्टा देसी 5 से 10 रुपए और अमेरिकन भुट्टा 10 से 15 रुपए किलो बिक रहा है। इसके अलावा बैंगन 3 से 6 रुपए, लौकी 8 से 10, भिंडी 20 से 25, गिलकी 15 से 20, चवलाफली और गाजर 15 से 20, मैथी 25 से 30, पालक और धनिया 15 से 40 तथा चतुरफली 50 से 60 रुपए किलो बिक रही है। चोइथराम थोक मंडी में यह सभी भाव वर्तमान में चल रहे हैं।
