अनंत चतुर्दशी पर कलाबाजी दिखाने की होड़ शुरू

इंदौर। शहर में गणेश चतुर्थी की तैयारी प्रारम्भ हो चुकी है। बुधवार को जगह-जगह भगवान गणेश की स्थापना होगी। वही शहर के प्रमुख अखाड़ों में अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है।

इसको लेकर बच्चों से लेकर युवा तक अपनी कलाबाजी सीख रहे हैं। शहर की पहचान बनी अनंत चतुर्दशी की झांकी के साथ अखाड़ों की अपनी अलग पहचान है। सभी अखाड़े अपनी अपनी कलाओ में पारंगत है। वहीं अपने अपने अखाड़ों के प्रदर्शन को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। शहर के ऐसे ही अखाड़े महावीर व्यायाम शाला में इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।

अखाड़े के गिरीराज नीमा ने बताया कि खलीफा प्रवीण पहलवान और जगदीश के नेतृत्व में अखाड़े में बड़ी संख्या में बच्चे बड़े उत्साह से भाग ले रहे हैं। इसमें सैकड़ों बच्चियां भी कलाबाजी सीख रही है। 400 से अधिक बच्चे तलवारबाजी, बनेटी, पटा, बंदिश, गत्ताफरी, झूमर चलाना सीख रहे हैं। इतवारिया बाजार से निकलने वाले अखाड़े में इंदिरा नगर में कलाबाजी सिखाई जा रही है। सभी बच्चे जोश से भरे अपने अखाड़े को नंबर वन लाने के लिए प्रयासरत हैं। सुबह-शाम बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ ये कलाबाजी सीख रहे हैं।