सऊदी सरकार ने अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया

सऊदी सरकार ने अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। सऊदी अरब ने 20 से 26 अगस्त के बीच देश के सभी इलाकों में चलाए गए जॉइंट सिक्योरिटी कैंपेन में रेजिडेंसी, लेबर और बॉर्डर सिक्योरिटी नियमों का उल्लंघन करने वाले 14,434 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं 14,905 विदेशियों को देश से बाहर निकाला गया। सऊदी मीडिया के मुताबिक ये देशव्यापी कैंपेन संबंधित सिक्योरिटी अथॉरिटीज की ओर से सऊदी अरब के रेजिडेंसी, लेबर और बॉर्डर सिक्योरिटी कानूनों का उल्लंघन करने वाले लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए चलाए गए। इसमें अलग-अलग मामलो में गिरफ्तारियां की गई हैं और देश निकाला गया।
कुल 14,434 उल्लंघनकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। 6,976 ने रेजिडेंसी सिस्टम के नियमो का उल्लंघन करते पाए गए। 4,110 ने बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम का उल्लंघन किया। वहीं 3,348 लोगों को लेबर नियमों के उल्लंघन में पकड़ा है। सऊदी अरब की सिक्योरिटी अथॉरिटीज ने 1,450 लोगों को बॉर्डर पर अवैध रूप से देश में घुसने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। इनमें 41फीसदी यमनी और 58फीसदी इथियोपियाई नागरिक थे। इसके अलावा अथॉरिटीज ने 44 लोगों को गलत तरीके से बॉर्डर पार करके सऊदी अरब से अवैध रूप से बाहर निकलने की कोशिश करते हुए पकड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक अथॉरिटीज ने 18,914 उल्लंघनकर्ताओं को ट्रैवल डॉक्यूमेंट प्राप्त करने के लिए उनके डिप्लोमैटिक मिशनों के पास भेजा है। 2,867 नियमों का उल्लंघन करने वालों को अपनी यात्रा का रिजर्वेशन पूरा करने के लिए कहा है। 14,905 उल्लंघन करने वालों को सऊदी अरब से डिपोर्ट कर दिया। सऊदी गृह मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि देश के बॉर्डर सिक्योरिटी नियमों के उल्लंघन में लोगों की मदद करने वालों को कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा। बॉर्डर सिक्योरिटी नियमों का उल्लंघन करने वालों की मदद करना उन बड़े अपराधों में से एक माना जाता है जिनके लिए गिरफ्तारी जरूरी है। इसमें शामिल लोगों को 15 साल तक की जेल और एक मिलियन रियाल तक का जुर्माना हो सकता है।
सऊदी अधिकारियों ने अपील की है कि वे बॉर्डर सिक्योरिटी नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों की मदद या पनाह देने में शामिल किसी भी व्यक्ति की रिपोर्ट करें। इसके लिए मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत के इलाकों और सऊदी अरब के बाकी सभी इलाकों के लिए अलग-अलग नंबर जारी किए गए हैं। सऊदी अरब हालिया महीनों में अपने रेजिडेंसी, लेबर और बॉर्डर सिक्योरिटी से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू कर रहा है। सऊदी सरकार इस पर जोर दे रही है कि देश में रहने वाले विदेशियों, नौकरी देने वालों और अन्य लोगों को यह पक्का करना चाहिए कि वे देश के कानूनों का पालन करें और बॉर्डर सिक्योरिटी नियमों का उल्लंघन ना हो।

source – ems