उज्जैन पुलिस ने ‘पुलिस एआइर ऐप’ लॉन्च

ujian police
ujian police

उज्जैन  महाकाल मंदिर क्षेत्र में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए उज्जैन पुलिस ने ‘पुलिस एआइर ऐप’ लॉन्च किया है। इस तकनीक आधारित पहल के तहत मंदिर क्षेत्र में कारोबार करने वाले होटल, गेस्ट हाउस, लॉज संचालकों, दुकानदारों, फूल-प्रसादी विक्रेताओं, फेरी लगाने वालों और तिलक लगाने वाले लोगों का चरणबद्ध तरीके से डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है।
फिलहाल श्रावण माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महाकाल मंदिर के आसपास मौजूद होटल संचालकों, फूल-प्रसादी विक्रेताओं और तिलक लगाने वाले लोगों का पंजीयन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में संबंधित व्यक्तियों की फोटो, मोबाइल नंबर, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज की जा रही हैं। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइर) और मशीन लर्निंग तकनीक से और अधिक उन्नत बनाया जा रहा है। भविष्य में यह सिस्टम भीड़ के बीच मौजूद संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने में मदद करेगा, जिससे समय रहते उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।
उज्जैन पुलिस का मानना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा। इससे बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और भरोसेमंद माहौल मिलेगा।
दरअसल, श्री महाकाल महालोक के लोकार्पण के बाद महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते मंदिर क्षेत्र और पूरे उज्जैन में रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य शहरों और राज्यों से भी लोग यहां व्यापार और रोजगार के लिए आ रहे हैं।
इसी को देखते हुए पुलिस सभी संबंधित व्यवसायियों और सेवा प्रदाताओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही है, ताकि उनकी आड़ में सक्रिय किसी भी संदिग्ध या आपराधिक तत्व की समय पर पहचान कर उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Source – EMS