नेपाल में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी इलेक्ट्रिक वैन, 10 की मौत

काठमांडू । लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर लौट रहे लोगों की यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी के पास हुई। मधेश प्रदेश 03-001 जे 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वैन सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। Nepal Accident
हादसे में घायल लोगों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 के सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव शामिल हैं। मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोट आई है, जबकि सक्षम कुमार यादव के शरीर में अंदरूनी चोटें लगी हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। वहीं, तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोट आई है। उनकी स्थिति मध्यम बताई गई है। सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सह-प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने हादसे में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य किया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
Source – EMS