अप्रैल में सरकारी बसों की संख्या होगी दोगुनी

इंदौर। सरकार द्वारा यात्रियों को सस्ती और सुगम बस सेवा देने की योजना को बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। सितम्बर में शासन ने प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस सेवा(पीएमई) तथा सुगम परिवहन बस सेवा का संचालन शुरू किया था। इन बसों में रोजाना दो से तीन लाख लोग सफर कर रहे हैं। इंदौर में पीएमई की 23 तथा सुगम परिवहन की 40 से अधिक बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जा रही है। सुबह 6 बजे रात 10 बजे तक चल रही है। इन बसों को शहर की बाहरी मार्ग से जोड़ा गया है, जिससे वहां के लोगों को भी पहली बार सस्ती यात्रा का लाभ मिल रहा है। अप्रैल में प्रदेश भर में इन दोनों योजनाओं की 531 बसें चलेंगी।
दोनों बसों का संचालन एआईसीटीएसएल द्वारा किया जा रहा है। इन बसों के चलने से हजारों यात्रियों को आवाजाही में आसानी हुई है। खासकर, कुमेड़ी के आईएसबीटी से नायता मुंडला बस स्टैंड पर आने जाने वालों को बस सेवा ने काफी प्रभावित किया है। अब तक इन स्थानों से गंतव्य पहुंचने अधिक किराया चुकाना पड़ता था। अब चंद रुपए चुकाकर वे आवाजाही करने लगे हैं। इस रुट पर दिनभर में 5 बसें फेरे लेती है। इसी तरह कई ऐसे रुट भी हैं, जहां पहली बार यात्री बस पहुंच पाई है। जबकि, सुगम बस परिवहन योजना में चलने वाली इंटरसिटी बसें भी ग्रामीण अंचल तक चलाई जा रही है। एआईसीटीएसएल के सूत्रों ने बताया कि दोनों सेवाओं की बसों की संख्या को दोगुना किया जाएगा। बसों का बेड़ा बढ़ाने इसी माह रुट तैयार किए जाएंगे। रुट का निर्धारण करने जल्द ही आरटीओ को पत्र लिखा जाएगा। आरटीओ द्वारा रुट का निर्धारण होने के बाद बस खरीदने टैंडर प्र्क्रिया शुरू की जाएगी। अगले वित्तीय वर्ष अप्रैल में बसों की संख्या में दोगुना इजाफा किया जाएगा। बसों का इजाफा होने से यात्रियों को ओर अधिक लाभ मिलेगा। वर्तमान में बसों के लिए अभी दो चार्जिंग पाइंट है। आने वाले दिनों में 2 नए चार्जिंग पाइंट ओर तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा नए स्टापेज बनाने, बिजली आपूर्ति की व्यवस्था, आधुनिक डिपो के साथ यात्रियों की सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। चार्जिंग स्टेशनों पर ट्रकों के चार्ज होने की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे एआईसीटीएसएल की आय में बढ़ोतरी होगी। चार्जिंग पाइंट पर ट्रकों के चार्ज होने का अतिरिक्त शुल्क एआईसीटीएसएल वसूलेगा।