ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंदौर में वृक्षारोपण किया

Jyotiraditya Scindia planted trees in Indore
Jyotiraditya Scindia planted trees in Indore

इंदौर केन्द्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज एक वृक्ष माँ के नाम अभियान के अंतर्गत इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में आयोजित वृहद स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण किया। उन्होंने अपनी माताजी स्व. श्रीमती माधवी राजे सिंधिया की याद में त्रिवेणी वृक्षों (बड, नीम एवं पीपल) का रोपण किया। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री मधु वर्मा, श्री गोलू शुक्ला, श्री चिन्टू वर्मा, श्री गौरव रणदिवे सहित गणमान्यजन उपस्थित थे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा प्रधानमंत्री जी ने समस्त देशवासियों से अभियान के तहत एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा बीती दो सदी में मनुष्य ने अपनी आवश्यकताओं के लिए प्राकृतिक संसाधनों का अत्‍यधिक दोहन किया। इससे प्रकृति को नुकसान हुआ। वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग से पूरी दुनिया चिंतित है। प्रधानमंत्री जी का आह्वान देश ही नहीं दुनिया को एक नई दिशा दिखाने वाला है। उन्होंने कहा सदियों से भारत भूमि नदियों, पर्वतों और वनों की रक्षा और संरक्षण करने वाली रही है। वर्तमान समय की मांग है कि प्रत्येक मनुष्य प्रकृति संरक्षण के अपने दायित्व हेतु आगे आए। उन्होंने कहा एक पेड़ को काटना यानी जीवन के एक क्षण को काटने के समान है। उन्होंने आह्वान किया कि वृक्षों का रोपण और संरक्षण करें। 50-50 व्यक्तियों के समूह बनाकर पौधों के संरक्षण के दायित्व सौंपे जाए।

Also Read – कलेक्टर के निर्देश पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जिले के शैक्षणिक संस्थानों के स्वामियों के साथ की बैठक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा प्रकृति ने हमें इको सिस्टम दिया है, जिसके संरक्षण का दायित्व प्रत्येक मानव का है। वृक्षारोपण से इंदौर का ग्रीन कवर बढाने के विशेष प्रयास किये जाएंगे। वृक्षारोपण से हरियाली के साथ-साथ भूमिगत जल में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा धरती मां से हम जीवन जीने के लिए सब कुछ पाते है, उसे लौटाने का हमारा दायित्व है। इसके लिए हम सभी मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाए और उनका संरक्षण करें।

Jyotiraditya Scindia planted trees in Indore
Jyotiraditya Scindia planted trees in Indore

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 51 लाख वृक्षों के रोपण के लिए पूरा इन्दौर कृत संकल्पित होकर कार्य कर रहा है। सामूहिक प्रयास से इन्दौर को क्लीन सिटी बनाया है। इसे ग्रीन सिटी भी बनाएंगे। वृक्षों के रोपण के साथ उनके संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किये जाएंगे।

अंत में आभार व्यक्त करते हुए महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कनाड़िया  क्षेत्र में आज किये गए वृक्षारोपण को स्व. माधवी राजे सिंधिया की याद में उनके नाम से उपवन का नाम रखे जाने की घोषणा की। कार्यक्रम में बडी संख्या में गणमान्यजन, जनप्रतिनिधिगण, आमजन, पर्यावरण प्रेमी, युवा, क्षेत्रवासी आदि उपस्थित थे।

source – proindore