Health: यह पत्ता संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद

paan ke patte ke fayde
paan ke patte ke fayde

आजकल फास्ट फूड, ज्यादा तला-भुना खाना और अनियमित खानपान की वजह से गैस, पेट फूलना, एसिडिटी और कब्ज जैसी दिक्कतें आम हो गई हैं। आयुर्वेद में इसका असरदार उपाय बताया गया है पान का पत्ता। यह पत्ता न केवल पाचन को दुरुस्त करने में मदद करता है बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है। विशेषज्ञों के अनुसार, पान के पत्ते में मौजूद प्राकृतिक तत्व लार के स्राव को बढ़ाते हैं, जिससे पाचन की प्रक्रिया मुंह से ही शुरू हो जाती है।

इससे भोजन अच्छे से चबता है और पेट में पहुंचने के बाद पाचन एंजाइम सक्रिय होकर भोजन को आसानी से पचाने लगते हैं। यही वजह है कि भोजन के बाद पान का पत्ता चबाने से पेट हल्का महसूस होता है और गैस या ब्लोटिंग की समस्या नहीं होती। पान का पत्ता आंतों की मांसपेशियों को भी सक्रिय करता है जिससे कब्ज की समस्या दूर होती है और पेट पूरी तरह साफ रहता है। पान के पत्ते का एक और बड़ा लाभ एसिडिटी से राहत है। इसमें एंटी-एसिडिक गुण पाए जाते हैं जो पेट की जलन और अम्लता को नियंत्रित करते हैं।

Also Read – HEALTH: विटामिन-ई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट

मसालेदार या तला-भुना भोजन करने के बाद इसका सेवन करने से पेट में होने वाली जलन में काफी आराम मिलता है। इसके अलावा यह भूख को भी बढ़ाने का काम करता है। जिन लोगों को अक्सर भूख नहीं लगती, उनके लिए पान का पत्ता एक प्राकृतिक उपाय साबित हो सकता है क्योंकि यह पाचन रसों के स्राव को बढ़ाकर भूख को उत्तेजित करता है।

सिर्फ पाचन ही नहीं, पान का पत्ता ओरल हेल्थ के लिए भी कारगर है। इसमें मौजूद तत्व मुंह की दुर्गंध, मसूड़ों की सूजन और बैक्टीरिया को खत्म करते हैं, जिससे सांस ताज़ा रहती है और दांत-मसूड़े स्वस्थ बने रहते हैं। साथ ही, इसका सेवन तनाव को कम करने और मानसिक शांति प्रदान करने में भी सहायक माना गया है।
कुछ शोध बताते हैं कि इसमें मौजूद गुण नसों की जकड़न को कम करते हैं और दिमाग को सतर्क बनाए रखते हैं। पान का पत्ता अस्थमा के मरीजों और त्वचा संबंधी समस्याओं में भी लाभकारी साबित हो सकता है। इसे घाव या फोड़े-फुंसी पर पीसकर लगाने से सूजन और संक्रमण में राहत मिलती है। इतना ही नहीं, इसमें एंटी-कैंसर गुण भी पाए जाते हैं जो इसे औषधीय दृष्टि से और अधिक महत्वपूर्ण बनाते हैं। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि भोजन के बाद रोजाना एक से दो पान के पत्ते चबाना सेहत के लिए लाभदायक होता है।

source  – ems