सट्टे पर सबसे बड़ी कार्रवाई , 15 करोड़ रुपये नकद सहित भारी मात्रा में विदेशी करंसी जब्त

उज्जैन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सट्टे और ऑनलाइन बैटिंग पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में उज्जैन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के इतिहास में सट्टे पर सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से 15 करोड़ रुपये नकद सहित भारी मात्रा में विदेशी करंसी जब्त की है। साथ ही आरोपियों से 41 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, 5 मैक-मिनी, 1 आईपैड, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सिमें, 2 पेनड्राइव, 3 मेमोरी कार्ड सहित अन्य संचार उपकरण जब्त किए गए हैं। आरोपी पंजाब, राजस्थान और मध्यप्रदेश के निवासी हैं।
उज्जैन पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने हेतु क्राइम ब्रांच, सायबर टीम व समस्त थानों को आदेशित किया गया था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम) श्री गुरु प्रसाद पाराशर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) श्री जयंत सिंह राठौर के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) श्री योगेश तोमर, नगर पुलिस अधीक्षक नानाखेड़ा श्रीमती श्वेता गुप्ता, थाना प्रभारी खाराकुआं सुश्री मधु राठौर, थाना प्रभारी नीलगंगा यादवेन्द्र सिंह परिहार व सायबर सेल प्रभारी प्रतीक यादव के नेतृत्व में जिले की तकनीकी शाखा व क्राइम टीम एवं थाना नीलगंगा पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए लगाया गया। Biggest action on betting
Also Read – मंदिर में गौवंश के अवशेष फेंकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों के अवैध निर्माण भी किए ध्वस्त
दरअसल, पुलिस को 13 जून 2024 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना नीलगंगा क्षेत्र स्थित 19 ड्रीम्स कॉलोनी के डूप्लेक्स नं 18 में पीयूष चोपड़ा के साथ पंजाब, राजस्थान व मध्य प्रदेश के कुछ लोग कई दिनों से व्यापक स्तर में अंतर्राष्ट्रीय सट्टा खिला रहे हैं। मुखबिर के बताये स्थान पर उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) श्री योगेश तोमर के साथ क्राइम, सायबर टीम और थाना नीलगंगा पुलिस ने दबिश दी।
यहां क्रिकेट टी-20 वर्ल्ड कप के बांग्लादेश व नीदरलैंड का मैच पर सट्टा खिलाते और लगाते आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से कुल 41 मोबाइल फोन, 11 लैपटॉप, 1 मैक-मिनी, 1 आईपैड, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सिमें, 2 पेनड्राइव, 3 मेमोरी कार्ड सहित अन्य संचार उपकरण जब्त किए। गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों में से 1 राजस्थान, 4 पंजाब और 4 मध्यप्रदेश के नीमच के निवासी हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का फरार आरोपी पीयूष अपने मुसद्दीपुरा थाना खाराकुआं स्थित घर आया है। इस पर नगर पुलिस अधीक्षक नानाखेड़ा श्रीमती श्वेता गुप्ता, थाना प्रभारी खाराकुआं सुश्री मधु राठौर व थाना खाराकुआं पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई। जहां तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अतर्राष्ट्रीय करंसी, चांदी की सिल्लियां एवं एप्पल मैक मिनी सीपीयू, 11 लैपटॉप सहित अलग-अलग रंग के 11 बैगों में भारतीय रुपये कुल 14.58 करोड़ नकद जब्त किए गए Biggest action on betting
। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा में कनाडा व संयुक्त अरब अमीरात की मुद्रा, यूरो, पाउण्ड, यूएस डॉलर, हंगरी यूरो, पॉलिश मुद्रा, नेपाली रुपये आदि जब्त किए गए हैं। थाना नीलगंगा में अपराध क्रमांक 248/24 धारा 419,420,467,468,109,120बी भादवि, 3/4 पब्लिक गेम्बिलंग एक्ट तथा 66 डी आईटी एक्ट के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी। आरोपियों के अपराधिक रिकार्ड भी प्राप्त किए जा रहे हैं, जिनकी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर संल्पिता की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता किया जा रहा है कि गिरोह राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कहां-कहां सक्रिय है ।
Source – PRO