आडवाणी भारत रत्न से सम्मानित

भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता एवं पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को रविवार को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आडवाणी के आवास जाकर देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी आडवाणी के आवास पर मौजूद थे। बता दें कि राष्ट्रपति भवन में अलंकरण समारोह आयोजित किया गया था, इसमें आडवाणी शामिल नहीं हो सके थे क्योंकि उनकी तबियत ठीक नहीं थी। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने रविवार को आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति कार्यालय ने इस दौरान की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। इन तस्वीरों के साथ राष्ट्रपति कार्यालय ने लिखा, भारतीय राजनीति के पुरोधा श्री आडवाणी ने सात दशकों से अधिक समय तक अटूट समर्पण और असाधारण कौशल के साथ देश की सेवा की है। वर्ष 1927 में कराची में जन्मे, श्री आडवाणी 1947 में विभाजन की पृष्ठभूमि में भारत चले आए। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अपने दृष्टिकोण के साथ, उन्होंने पूरे देश में दशकों तक कड़ी मेहनत की और सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में परिवर्तन किया।
उन्होंने लिखा, एक सांसद के रूप में संवाद पर उनकी आस्था ने संसदीय परंपराओं को समृद्ध किया। केंद्रीय गृह मंत्री तथा उप प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने सदैव राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा, जिससे उन्हें दलगत सीमाओं से परे जाकर लोगों ने सम्मान और प्रशंसा प्रदान की। भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए उनके लंबे और अथक संघर्ष की परिणति 2024 में अयोध्या में श्री राम मंदिर के पुनर्निर्माण के रूप में हुई।
वे स्वतंत्रता के बाद के उन गिने-चुने राजनीतिक नेताओं में हैं जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को नया स्वरूप देने और देश को विकास-पथ पर आगे ले जाने में सफल रहे। भारत सरकार ने फरवरी की शुरुआत में बीजेपी के वरिष्ठ नेता आडवाणी को भारत रत्न देने की थी। भारत रत्न देने पर आडवाणी ने खुशी जताकर सभी का शुक्रिया किया था।
आडवाणी के हवाले से उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि वह बहुत अभिभूत हैं। वह कम बोलने वाले व्यक्ति हैं। लेकिन उसकी आंखों में आंसू थे। उन्हें इसकी खुशी और संतुष्टि है, कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया।
source – ems
Comments are closed.