राखी बांधने के लिए केवल 3 घंटे 51 मिनट का शुभ मुहूर्त

भारतीय परंपरा में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और रक्षा-संकल्प का प्रतीक माना जाता है। इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। हालांकि इस बार राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त की अवधि काफी कम रहेगी। साल 2026 में रक्षा बंधन का त्योहार 28 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को मनाया जाएगा। उदयातिथि के अनुसार पूर्णिमा तिथि इस दिन सुबह तक मान्य है।
वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद हिमांशु जैन के अनुसार तिथियों के परिवर्तन और भद्रा के संयोग के कारण कई बार त्योहारों के शुभ मुहूर्त प्रभावित होते हैं। इस बार भी रक्षाबंधन पर ऐसी ही स्थिति बन रही है।
उन्होंने बताया कि पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त गुरुवार को प्रातः 9:09 बजे से प्रारंभ होकर 28 अगस्त शुक्रवार को प्रातः 9:48 बजे समाप्त होगी। इसके बाद भाद्रपद कृष्ण प्रतिपदा तिथि प्रारंभ हो जाएगी।
ज्योतिषाचार्य के अनुसार 28 अगस्त को सूर्योदय प्रातः 5:57 बजे से लेकर 9:48 बजे तक पूर्णिमा तिथि रहेगी। इसलिए रक्षाबंधन पर राखी बांधने का श्रेष्ठ मुहूर्त प्रातः 5:57 बजे से 9:48 बजे तक, कुल 3 घंटे 51 मिनट रहेगा।
उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को प्रातः 9:09 बजे से रात्रि 9:21 बजे तक भद्रा रहेगी। ऐसे में रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त शुक्रवार को प्रातःकाल शुभ मुहूर्त में ही मनाना श्रेष्ठ रहेगा। raksha bandhan 2026
आज के समय में भाई-बहनों के लिए सुबह जल्दी राखी बांधना कुछ कठिन हो सकता है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शुभ तिथि एवं मुहूर्त में ही राखी बांधना और बंधवाना शुभता का प्रतीक माना जाता है। इसलिए बहनें निर्धारित शुभ मुहूर्त में भाइयों को राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की मंगलकामना करें।
source – मनोज जैन नायक