अंगदान और देहदान प्रत्यारोपण कराने वाले अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जाये

इंदौर संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार की अध्यक्षता में इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन की समीक्षा बैठक आज संभागायुक्त कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में संभागायुक्त श्री लक्षकार ने इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन द्वारा अंगदान और देहदान के प्रत्यारोपण के क्षेत्र में किये जा रहे सेवा कार्यों की समीक्षा की। बैठक के प्रारंभ में उन्होंने इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन द्वारा किए जा रहे, इस नेक कार्य की पूरी प्रक्रिया को जाना तथा विशेषज्ञ डॉक्टर्स से गहराई से जानने के लिए आवश्यक जानकारियां भी ली। इस संबंध में उन्होंने कहा कि देहदान और अंगदान एक पवित्र कार्य है और इंदौर इस मामले में प्रदेश और देश में आगे है। इस कार्य को और अधिक विस्तारित करने की आवश्यकता है। सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर अंगदान और देहदान सुनिश्चित हो इसके लिये विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्य ईमानदारी, पारदर्शिता और समय-सीमा के साथ किया जाना चाहिए। अब हर माह इस सम्बंध में बैठक और आवश्यक होने पर गूगल मीट के माध्यम से भी चर्चा करेंगे।
बैठक में एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, संभागीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूर्णिमा गडरिया, एमवाय अस्पताल इंदौर के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डी.के. शर्मा, इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन के सदस्य पद्मश्री श्रीमती जनक पलटा, डॉ. मनीष पुरोहित, श्री संदीपन आर्य, डॉ. अनिल भंडारी, इंदौर आय बैंक की श्रीमती उमा झंवर, डॉ. विवेक जोशी, डॉ. अंकुर गुप्ता सहित विभिन्न अस्पतालों के मेडिकल सुपरिटेंड एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में संभागायुक्त श्री लक्षकार ने इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन के अधिकारियों एवं सदस्यों को निर्देश दिये कि इंदौर में अंगदान और देहदान प्रत्यारोपण कराने वाले अस्पतालों की संख्या (वर्तमान में कुल 13 अस्पताल है) बढ़ाई जाये और समय पर काउंसलिंग की जाये। सभी चिंहित अस्पतालों में ऐसे चिकित्सकों को ही अंगदान और देहदान के प्रत्यारोपण कार्य से जोड़ा जाए जो अपना अधिकांश समय इसी कार्य के लिए देते हो। साथ ही लोगों को भी जागरूक किया जाये ताकि अधिक से अधिक लोग देहदान और अंगदान के लिए प्रेरित हो। अंगदान और देहदान प्रत्यारोपण के नियम कायदों की पुन: समीक्षा की जाये।
बैठक में मुस्कान ग्रुप के श्री संदीपन आर्य द्वारा बताया गया कि इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनशन की स्थापना वर्ष 2013-2014 में हुई थी। इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन द्वारा वर्ष 2012 से अभी तक एक हजार 90 लोगों द्वारा त्वचा दान कराये गये। साथ ही विभिन्न आई बैंको के माध्यम से 19 हजार नेत्र दान प्राप्त हुए है। वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश में कुल 6 अंगदान हुए जिसमें से 3 अंगदान अकेले इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन द्वारा कराये गये। वर्तमान में इंदौर में देहदान और अंगदान के लिये 218 लोगों ने पंजीयन कराया है। जिसमें से 189 केवल किडनी के है और 29 व्यक्ति को लीवर की जरूरत है।
Source – pro