Health: भद्रासन एक ऐसा योगास जो शरीर और मन दोनों को मजबूती प्रदान करता है

भद्रासन एक ऐसा योगासन है, जो शरीर और मन दोनों को मजबूती प्रदान करता है तथा नियमित अभ्यास से कई शारीरिक समस्याओं में राहत मिल सकती है। यह जानकारी दी है आयुष मंत्रालय ने। सोशल मीडिया पर मंत्रालय ने अपने संदेश में बताया कि भद्रासन घुटनों और कूल्हों को मजबूत बनाने में सहायक माना जाता है। इसके साथ ही यह पेट में होने वाले तनाव को कम करने में मदद करता है और विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है।
Also Read – HEALTH: योग कुछ ही दिनों के अभ्यास से शरीर हल्का महसूस होने लगता है
मंत्रालय ने लोगों से इस योगासन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि यह शरीर में स्थिरता और मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में बताया गया कि भद्रासन को अंग्रेजी में ‘द ऑस्पिशियस पोज’ कहा जाता है। योग विशेषज्ञों के अनुसार यह आसन शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता और शांति को भी बढ़ावा देता है। नियमित अभ्यास से घुटनों और कूल्हों की हड्डियों को मजबूती मिलती है तथा घुटनों के दर्द में भी राहत महसूस की जा सकती है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि भद्रासन पेट से जुड़ी असुविधाओं को दूर करने में मददगार हो सकता है। महिलाओं में मासिक धर्म के दौरान होने वाले दर्द और असहजता को कम करने में भी इसे उपयोगी माना जाता है। bhadrasan
इसके अलावा गर्भावस्था के दौरान भी यह आसन लाभदायक बताया गया है, हालांकि इस दौरान विशेषज्ञ की सलाह के साथ ही इसका अभ्यास करना चाहिए। हालांकि आयुष मंत्रालय ने कुछ लोगों को सावधानी बरतने की भी सलाह दी है। मंत्रालय के अनुसार गठिया के गंभीर रोगियों और साइटिका से पीड़ित लोगों को भद्रासन का अभ्यास करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे उनकी परेशानी बढ़ सकती है। इससे पहले मंत्रालय ने ताड़ासन के लाभों पर भी प्रकाश डाला था और कहा था कि योग केवल कठिन आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरल और सहज अभ्यासों के माध्यम से भी शरीर को स्वस्थ और लचीला बनाया जा सकता है।
source – ems