घायल आरक्षक के लिए आगे आए युवा, किया रक्तदान

शामगढ़। थाना शामगढ़ में पदस्थ
आरक्षक कृष्णा सिकरवार नाकाबंदी के दौरान पिकअप चालक द्वारा वाहन तेज गति से भगाने के कारण दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पहले मंदसौर और बाद में बेहतर उपचार हेतु इंदौर के मुंबई हॉस्पिटल रेफर किया गया।
डॉक्टरों द्वारा फ्रैक्चर ऑपरेशन से पहले 5 यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई गई। इसकी जानकारी मिलते ही दिनेश गुप्ता ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत मदद के लिए आगे आए। दिनेश गुप्ता ने अपने दो साथी अरविंद मुजवादीया शशिकांत मुजवादीया के साथ अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया, जिससे घायल आरक्षक के उपचार में सहायता मिल सकी।
इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है। लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में इस प्रकार का सहयोग समाज में मानवता और संवेदनशीलता का संदेश देता है।