आधा भारत भीषण गर्मी की चपेट में, किया अलर्ट

Half of India is in the grip of severe heat, alert issued
Half of India is in the grip of severe heat, alert issued

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से आग बरस रही है और राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो देश में सर्वाधिक है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

लेकिन दो हफ्ते के ठहराव के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून के बृहस्पतिवार से फिर सक्रिय होने और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 जून की रात से उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

आईएमडी ने ट्वीट कर कहा कि 14 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में हीट वेव की स्थिति में धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है।

मध्यप्रदेश में 15 जून को मानसून देगा दस्तक

भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, लंबे समय से सुस्त पड़े दक्षिण-पश्चिमी मानसून के 14 जून से दोबारा सक्रिय होने की संभावना बन रही है। मौसम की वर्तमान स्थितियां अनुकूल बनी रहीं, तो 15 जून को मानसून प्रदेश में मंडला और बालाघाट के रास्ते दस्तक दे सकता है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर रही। नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। रतलाम और धार जिलों में लू का प्रभाव बना रहा।