गुवाहाटी में पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा

गुवाहाटी । असम के गुवाहाटी स्थित हाटीगांव इलाके स्थित बसिष्ठपुर बाइलेन में एक 25 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नूनमती निवासी रिया तालुकदार के रूप में हुई है, जो फैंसी बाजार के एक बुटीक में काम करती थी। पुलिस को आशंका है कि उसके पति रामानुजन गोस्वामी ने ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
हत्या का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को पड़ोसियों को बंद मकान से तेज दुर्गंध आने लगी और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम जब घर के अंदर दाखिल हुई तो नजारा देखकर दंग रह गई। महिला की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी। हत्यारे ने शव से सिर काटकर उसे काले पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज के भीतर छिपा रखा था। इसके अलावा मृतका की उंगलियां भी कटी हुई पाई गईं।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, वारदात शव बरामद होने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई होगी। परिजनों व पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद रामानुजन रात करीब 8 बजे घर से निकल गया था। रिया के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में उसका केवल एक भाई है।
हाटीगांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है। पुलिस मामले के हर संभावित पहलू और हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे के अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

Source – EMS