‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का जादू भारतीय दर्शकों पर जमकर चल रहा

हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का जादू भारतीय दर्शकों पर जमकर चल रहा है। टॉम हॉलैंड स्टारर इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जिसे अब तक मार्वल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ भी नहीं तोड़ पाई थी। फिल्म ने भारत में 550 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है और इसी के साथ यह देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है।
एक खबर के मुताबिक, 31 जुलाई को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने महज 18 दिनों में यह उपलब्धि हासिल की। फिल्म की कमाई तीसरे वीकेंड में भी मजबूत बनी रही और इस दौरान उसने करीब 22 करोड़ 80 लाख रुपये का कलेक्शन किया। खास बात यह है कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन-2’ और ‘बंटवारा-1947’ जैसी फिल्मों से भी मुकाबला करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद इसकी कमाई की रफ्तार पर खास असर नहीं पड़ा। फिल्म को भारत में हिंदी और अंग्रेजी के अलावा तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया गया है।spiderman brand new day
स्पाइडर-मैन की लोकप्रियता का फायदा फिल्म को अलग-अलग उम्र के दर्शकों के बीच मिला है। मार्वल के अन्य सुपरहीरो की तरह स्पाइडर-मैन की भी भारत में बड़ी फैन फॉलोइंग है और टॉम हॉलैंड की इस फिल्म को दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
सोनी पिक्चर्स इंडिया ने फिल्म की उपलब्धि पर सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भले ही दुनिया पीटर पार्कर को भूल गई हो, लेकिन भारत ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि रिकॉर्ड बुक में उसका नाम हमेशा दर्ज रहे। कंपनी के मुताबिक फिल्म की कमाई 550 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और इसका कलेक्शन अभी जारी है।
इस रिकॉर्ड के साथ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में हॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इससे पहले 483 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ पहले स्थान पर थी। ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ करीब 438 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ तीसरे स्थान पर है। ‘एवेंजर्स: इनफिनिटी वॉर’ भी करीब 438 करोड़ रुपये की कमाई के साथ सूची में शामिल है, जबकि ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ करीब 268 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ टॉप-5 में है।