शिकायतों के आधार पर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

इंदौर  आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराने, प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित करने के साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई, खाद्य स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

नियंत्रक श्री मनोज पुष्प द्वारा नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण

नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश श्री मनोज पुष्प के इंदौर भ्रमण के दौरान उनके द्वारा दो नमकीन निर्माण इकाइयों ओम नमकीन एवं आकाश नमकीन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों निर्माण इकाइयों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन का जायजा लिया गया। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर नियंत्रक श्री मनोज पुष्प द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई।

कर्णावत पान भोजन प्रसादी से 06 खाद्य नमूने संग्रहित

प्राप्त शिकायत के आधार पर अंजनी नगर, एयरपोर्ट रोड स्थित कर्णावत पान भोजन प्रसादी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि श्री अतुल लोढ़ा की उपस्थिति में आलू, गिलकी, तुवर दाल, पनीर मसाला, सोयाबीन तेल एवं धनिया पाउडर के कुल छह नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। उक्त नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जैन श्वेतांबर शिव भंडार से नमकीन मिक्सचर एवं बूंदी के नमूने

सिलावटपुरा, इंदौर स्थित जैन श्वेतांबर शिव भंडार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर श्री राजेश जैन की उपस्थिति में नमकीन मिक्सचर एवं बूंदी के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। दोनों नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अमृतसरी नान ढाबा का निरीक्षण, साफ-सफाई के निर्देश एवं नमूना संग्रहण

शिकायतकर्ता से चर्चा कर उनके द्वारा बताए गए प्रतिष्ठान अमृतसरी नान ढाबा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रसोईघर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके पर विक्रेता श्री कुलदीप रघुवंशी की उपस्थिति में पनीर एवं दाल मखनी के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

शिकायतकर्ता श्री नारायण शुक्ला को की गई कार्रवाई से अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने कार्रवाई के प्रति संतुष्टि व्यक्त की। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सोनू वेफर्स का निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई

शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर शिकायत के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए प्रतिष्ठान सोनू वेफर्स (मेसर्स मोहनलाल दौलतराम ट्रेडर्स), अवंतिका नगर, सांवेर रोड, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर श्री मुकेश प्रजापत द्वारा संचालित इकाई में खाद्य अनुज्ञप्ति प्रदर्शित पाई गई। अनुज्ञप्ति क्रमांक 11421850001288 की वैधता दिनांक 10 दिसंबर 2026 तक पाई गई।

प्रतिष्ठान से सोनू वेफर्स ब्रांड के आलू चिप्स एवं सोनू फलाहारी वेफर्स के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान आलू चिप्स के पैकेट पर वर्तमान खाद्य अनुज्ञप्ति क्रमांक 11421850001288 के साथ पूर्व में जारी खाद्य पंजीयन क्रमांक 21414850015452 भी अंकित पाया गया, जिसकी वैधता दिनांक 19 मार्च 2019 तक थी। वहीं, फलाहारी वेफर्स के पैकेट पर खाद्य अनुज्ञप्ति क्रमांक 11421850001288 अंकित पाया गया।

पैकेजिंग पर खाद्य पंजीयन एवं अनुज्ञप्ति संबंधी विवरण के संबंध में पाई गई स्थिति को देखते हुए संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। दोनों नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

राजा चाट भंडार का निरीक्षण एवं पानी पुरी के पानी तथा आलू मसाला के नमूने

शिकायतकर्ता श्री कपिल धनेरिया से संपर्क कर शिकायत के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। उनके द्वारा बताए गए प्रतिष्ठान राजा चाट भंडार, सिविल हॉस्पिटल के सामने, सांवेर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के मैनेजर श्री राजा बोहरा की उपस्थिति में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं खाद्य स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया गया।

प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों का उचित रखरखाव करने तथा साफ-सफाई एवं खाद्य स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, प्रतिष्ठान से पानी पुरी के पानी एवं आलू मसाला के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत करा दिया गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता ने की गई कार्रवाई के प्रति संतुष्टि व्यक्त की।

श्री राम किराना, मुसाखेड़ी का निरीक्षण

प्राप्त शिकायत के आधार पर शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर उनके द्वारा बताए गए प्रतिष्ठान श्री राम किराना, मुसाखेड़ी, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण एवं की गई कार्रवाई के संबंध में शिकायतकर्ता को अवगत कराया गया। शिकायतकर्ता द्वारा कार्रवाई के प्रति संतुष्टि व्यक्त किए जाने की जानकारी दी गई है तथा शिकायत के निराकरण हेतु आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर

खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान आवश्यकतानुसार खाद्य नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। साथ ही, खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, खाद्य स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में निर्देशित किया जा रहा है।

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात रिपोर्ट में पाए गए निष्कर्षों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं शिकायतों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Source – mpinfo