ग्रामीण पर्यटन को मिला नया आयाम

संभागायुक्त ने “द बोट विलेज” बोथू के शिवाकाशी होम स्टे का किया निरीक्षण

gramin paryatan
gramin paryatan

 इंदौर इंदौर संभाग के खरगोन जिले के कसरावद विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोथू स्थित “द बोट विलेज” के शिवाकाशी होम स्टे का इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने होम स्टे की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री खाड़े ने होम स्टे संचालक जयपाल सिंह से चर्चा कर सुविधाओं, स्वच्छता, पर्यटकों के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं स्थानीय संस्कृति के समावेश की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के होम स्टे ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए आय के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने निर्देश दिए कि होम स्टे को और अधिक आकर्षक बनाते हुए प्राकृतिक खेती से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए, ताकि पर्यटकों को ग्रामीण जीवन, जैविक कृषि और स्थानीय संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव मिल सके। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय कृषि उत्पाद, पारंपरिक भोजन एवं ग्रामीण जीवनशैली को होम स्टे अनुभव का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्राम बोथू का यह होम स्टे क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को नई दिशा देने वाला मॉडल बन सकता है, जो अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

इस अवसर पर कसरावद एसडीएम श्री सत्येंद्र बैरवा, जनपद सीईओ श्रीमती रीना किराड़, पर्यटन समन्वयक श्री नीरज अमझरे सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

source – pro