मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने पीएम मित्र पार्क का किया निरीक्षण, पार्क के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश


इंदौर
मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन श्री अशोक बर्णवाल ने शुक्रवार को धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम भैंसोला स्थित पीएम मित्र पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए माइक्रो प्लानिंग, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने सड़क, पानी, बिजली एवं ड्रेनेज सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित माइलस्टोन एवं कार्ययोजना के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रत्येक स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना और प्रभावी मॉनिटरिंग जरूरी है। सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मशीनरी की संख्या बढ़ाने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विद्युत व्यवस्था के कार्यों की समीक्षा करते हुए जनवरी माह में ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने की जानकारी ली। साथ ही निर्माण कार्यों में लगे मानव संसाधन की संख्या एवं कार्यक्षमता की समीक्षा कर विभिन्न गतिविधियों को समानांतर रूप से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों में गति लाने के लिए माइक्रो प्लानिंग की जाए तथा प्रत्येक गतिविधि की नियमित समीक्षा हो। संबंधित अधिकारियों को साप्ताहिक रूप से निर्माण स्थल पर पहुंचकर प्रगति का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने सिविल निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ओवरहेड टैंक (ओएचटी) एवं सम्पवेल के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं तथा पार्किंग व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की गई। इसके अलावा बदनावर आईटीआई में अतिरिक्त रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने कहा कि पीएम मित्र पार्क क्षेत्र की तस्वीर और अर्थव्यवस्था बदलने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट साबित होगा। इसके पूर्ण रूप से विकसित होने पर लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी निर्माण कार्य निर्धारित कार्ययोजना एवं समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, कार्यकारी संचालक इंदौर एमपीआईडीसी सुश्री प्रीति यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अखिलेश कुमार जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

SOurce – pro