इंदौर में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, 64 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित
विद्यालयों, डेयरी, मसाला एवं मिठाई प्रतिष्ठानों पर सघन कार्रवाई, शिकायतों पर त्वरित जांच जारी

इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सघन एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा विद्यालयों, डेयरी प्रतिष्ठानों, मसाला निर्माण इकाइयों, नमकीन उद्योगों एवं मिठाई प्रतिष्ठानों पर विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 64 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए, वहीं प्राप्त शिकायतों पर त्वरित जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
गत 29 जून 2026 को क्वीन्स कॉलेज, खंडवा रोड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दाल (तैयार), राजमा, बेसन एवं आटा के कुल 4 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इसी तरह 30 जून को चोइथराम स्कूल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल शेड्यूल, हाइजीन रेटिंग प्रमाण-पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट एवं पानी की टंकी की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। FoSTaC प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का सतत पालन करने के निर्देश दिए गए। मौके से राजमा, काला उड़द दाल, तुअर दाल, तैयार नमकीन चावल, आलू झोलदार एवं देसी चना मसाला के कुल 6 नमूने जांच हेतु लिए गए।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
* FoSCoS पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर बाबा कुल्फी, राऊ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान काजू कतली, दूध कतली, मिल्क केक, पेड़ा एवं मलाई बर्फी के कुल 5 नमूने जांच हेतु लिए गए। शिकायत के संबंध में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
* इसी प्रकार FoSCoS पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर यादव डेयरी फार्म का निरीक्षण कर पनीर, दूध, दही, चक्का एवं घी के कुल 6 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
* एक अन्य शिकायत के आधार पर शर्मा कॉस्मेटिक एवं किराना से आज दिनांक 30/6/2026 को प्रोपराइटर देवेंद्र शर्मा की उपस्थिति में सूजी रस्क, बटर रस्क, मिल्क रस्क,लॉन्ग सेव, मीठा मिक्सचर, रतलामी सेव के कुल 06 नमूना संग्रहण किया गया शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया गया शिकायतकर्ता द्वारा संतुष्टि ब्यक्त की गई
Risk Based Inspection System (RBIS) के अंतर्गत विशेष निरीक्षण अभियान
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा विकसित Risk Based Inspection System (RBIS) के अंतर्गत उच्च जोखिम (High Risk) श्रेणी के खाद्य प्रतिष्ठानों पर सतत निगरानी एवं वैज्ञानिक निरीक्षण की व्यवस्था की गई है। इस प्रणाली के अंतर्गत FSSAI द्वारा आवंटित निरीक्षण खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न किए जाते हैं। इसी क्रम में निम्नलिखित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूना कार्रवाई की गई—
* कृष्ण मिल्क प्रोडक्ट से दूध, पनीर, मावा, चक्का एवं दही के कुल 6 नमूने लिए गए।
* LIT Spices, पलहर नगर, 60 फीट रोड से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर एवं मिर्च पाउडर के कुल 4 नमूने लिए गए।
* कृष्णा डेयरी स्वीट्स एंड नमकीन, 60 फीट रोड से दूध, पनीर, मावा, पेड़ा, मावा कतली एवं केसर पेड़ा के कुल 6 नमूने लिए गए।
* प्रकाश नमकीन उद्योग, लक्ष्मीबाई नगर से विभिन्न प्रकार के नमकीन के कुल 6 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
अन्य कार्यवाहियाँ
* श्री भेरुनाथ नमकीन कृष्ण उदय नगर से दक्ष प्रजापति से रतलामी सेव, फीकी सेव, खट्टा मीठा मिक्सचर, पापड़ी, गठिया के कुल 5 नमूने लिए गए।
* सांवरिया दूध डेयरी स्वीट्स एंड एवरफ्रेश गोविंद सिंह राजपूत से दूध, दही, घी, मिल्क केक, मावा बर्फी के 5 नमूने लिए गए
* श्री गंगा नमकीन स्वीट्स एंड बेकरी गणेश नगर, विनोद राजपूत से बेसन लड्डू, मोटी सेव, रतलामी सेव, मिक्सचर, खट्टा मीठा मिक्सचर के 5 नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान दिए गए आवश्यक निर्देश
सभी निरीक्षित प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
Source – mpinfo