Health: सात्विक आहार उपवास के दौरान

उपवास के दौरान सात्विक आहार का सेवन करने से न केवल शरीर हल्का महसूस करता है, बल्कि मन की एकाग्रता भी बढ़ती है। नवरात्रि का पर्व केवल धार्मिक आस्था और शक्ति की उपासना का समय नहीं है, बल्कि यह शरीर को शुद्ध करने और पाचन तंत्र को विश्राम देने का अवसर भी प्रदान करता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि व्रत के समय चुने गए खाद्य पदार्थ शरीर को आवश्यक ऊर्जा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी पहुंचाते हैं। सिंघाड़े का आटा व्रत के दौरान सबसे अधिक लोकप्रिय विकल्प माना जाता है। इसमें कैल्शियम, आयरन और फास्फोरस भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत करने और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करते हैं। इससे बने हलवे, पुरी और चीले न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि पौष्टिक भी होते हैं। इसी तरह कुट्टू का आटा, जिसे बकव्हीट भी कहा जाता है, ग्लूटेन-फ्री होने के साथ-साथ प्रोटीन से भरपूर होता है। यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है और लगातार ऊर्जा प्रदान करता है। कुट्टू की पकौड़ी और रोटी व्रत के दौरान खासतौर पर पसंद की जाती हैं।
Also Read – Health: भृंगराज लिवर की कार्यक्षमता बढ़ाने और खून को साफ करने में सहायक
साबूदाना भी उपवास का अहम हिस्सा है। इसमें कार्बोहाइड्रेट की अधिकता शरीर को तुरंत ऊर्जा देती है। इसमें मौजूद स्टार्च और कैल्शियम मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। साबूदाने की खिचड़ी और खीर व्रत के लिए बेहतरीन व्यंजन माने जाते हैं। इसके अलावा शकरकंद या स्वीट पोटैटो विटामिन ए, सी और फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने और पाचन में सुधार करने में मदद करता है। इसे उबालकर या भूनकर खाया जा सकता है। नारियल पानी और उसका गूदा उपवास के दौरान प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स और मिनरल्स का बेहतरीन स्रोत माने जाते हैं। यह शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाते हैं और ऊर्जा बनाए रखते हैं। दूध और दही व्रत में प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स प्रदान करते हैं। दही में सेंधा नमक डालकर या लस्सी के रूप में इसका सेवन पाचन को और बेहतर बनाता है।
साथ ही बादाम, काजू, अखरोट और किशमिश जैसे मेवे ओमेगा-3 फैटी एसिड और ऊर्जा से भरपूर होते हैं, जो मानसिक एकाग्रता और शारीरिक शक्ति को बनाए रखने में सहायक हैं। उपवास के दौरान सेंधा नमक का प्रयोग भी विशेष महत्व रखता है, जो भोजन को सुपाच्य बनाता है और आवश्यक खनिजों की पूर्ति करता है। मौसमी फल जैसे सेब, पपीता, केला, अमरूद और अनार विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रदान करते हैं। ये शरीर को हल्का रखने और डिटॉक्सिफिकेशन में मददगार साबित होते हैं। वहीं तुलसी और अदरक वाली हर्बल चाय पाचन सुधारने और मौसमी बीमारियों से बचाव में कारगर है।
source – ems
