इंदौर में खिले अवसरों के फूल

ढक्कनवाला कुआं ग्रामीण हाट बाजार में जिला स्तरीय सेमीनार एवं भव्य पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ

flower exhibition in indore
flower exhibition in indore

इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप मध्यप्रदेश शासन द्वारा मनाये जा रहे कृषि वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार से ग्रामीण हाट बाजार ढक्कनवाला कुआं में एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) अंतर्गत जिला स्तरीय दो दिवसीय सेमिनार एवं पुष्प प्रदर्शनी कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए प्रगतिशील पुष्प उत्पादक कृषकों ने लूज फ्लॉवर जैसे गेंदा, गुलाब, सेवंती, नवरंगा तथा कट फ्लॉवर जैसे एस्टर, डच गुलाब, जरबेरा, लिथियम, डेंजी, फ्लॉक्स, डायएन्थम, स्वीट विलियम, जिप्सी फ्लोरा, सनफ्लॉवर सहित बल्बस फ्लॉवर ग्लैडियोलस, रजनीगंधा और लिलियम की उन्नत प्रजातियों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में PMFME योजना से लाभांवित हितग्राहियों के मशरूम उत्पादन, कृषि मशीनरी एवं आधुनिक सिंचाई संयंत्रों के स्टॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उप संचालक उद्यान श्री टी.सी. वास्कले ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कृषकों को अनुदान एवं प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। मार्केटिंग विशेषज्ञ श्री राकेश अग्रवाल ने उद्यानिकी फसलों की मार्केटिंग एवं निर्यात संभावनाओं पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री पी.जी. नाटकरणी ने उन्नत फूल खेती की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया। डॉ. पूजा पाण्डे ने मशरूम उत्पादन को अतिरिक्त आय के प्रभावी माध्यम के बारें में बताया। परियोजना संचालक आत्मा श्रीमती शरली थॉमस ने प्राकृतिक खेती के महत्व एवं उसके दीर्घकालिक लाभों पर जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक श्री शुभम चौहान (आईआईटी रिटर्न) ने संरक्षित खेती के अंतर्गत शिमला मिर्च एवं खीरा उत्पादन की उन्नत तकनीकों के अनुभव साझा किए। श्री अनिल पटेल ने जरबेरा, लिलियम एवं जिप्सी फ्लोरा की व्यावसायिक खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि श्री लाखनसिंह गेहलोत ने नवीनतम प्रजातियों एवं उच्च उत्पादन तकनीकों की जानकारी देकर कृषकों को प्रेरित किया।
दो दिवसीय यह आयोजन जिले में बागवानी एवं पुष्प उत्पादन को नई दिशा देने, कृषकों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

source – pro