अतिरिक्त फेरे-नई रेल सेवाओं की मांग, बेहतर कनेक्टिविटी देने पर जोर

इंदौर। इंदौर और मालवा क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया है। पश्चिम रेलवे उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (जेडआरयूसीसी), मुंबई के सदस्य संजय बाकलीवाल ने रेल सेवाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार और नई ट्रेनों के संचालन सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
ज्ञापन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं, लेकिन वर्तमान रेल सेवाएं यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे में मुंबई, दिल्ली, पुणे, पटना और दक्षिण भारत के लिए संचालित साप्ताहिक ट्रेनों को दैनिक अथवा सप्ताह में कम से कम तीन से चार दिन चलाया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा इंदौर-रतलाम रेलखंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए डेमू ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे शुरू करने की मांग भी की गई है। ज्ञापन में एसी कोचों में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण लिनन उपलब्ध कराने तथा बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के अतिरिक्त कोच जोड़े जाने का भी अनुरोध किया गया हैसंजय बाकलीवाल ने कहा कि मालवा क्षेत्र औद्योगिक, व्यावसायिक और पर्यटन की दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में क्षेत्र को देश के प्रमुख महानगरों और औद्योगिक शहरों से जोडऩे के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करना समय की आवश्यकता है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पश्चिम रेलवे यात्रियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए इंदौर एवं मालवा क्षेत्र की रेल सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।