राज्य परिवहन निगम की बसों के संचालन की उलटी गिनती शुरू

इंदौर। मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम की बस सेवा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पहले चरण में 150 बसों के संचालन की सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अब बस मुख्यमंत्री द्वारा सेवा शुभारंभ की तारीख घोषित किए जाने का इंतजार है। तारीख की घोषणा होते ही बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, बसों के संचालन के लिए रूट प्लान भी लगभग तैयार कर लिया गया है। हालांकि, शहर के भीतर बसों के आवागमन के मार्गों को लेकर अधिकारियों के स्तर पर अंतिम मंथन जारी है, ताकि यात्रियों को अधिकतम सुविधा और यातायात पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित किया जा सके। State Transport Corporation buses
इस बीच विजय नगर और नायता मुंडला डिपो में 50 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं। इन बसों के रखरखाव और संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से विकसित किया जा रहा है। चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने का कार्य अंतिम चरण में है।
अधिकारियों का कहना है कि सेवा शुरू होने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नई बस सेवा से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।
परिवहन विभाग को अब केवल मुख्यमंत्री द्वारा औपचारिक शुभारंभ की तारीख घोषित किए जाने का इंतजार है, जिसके बाद 150 बसों का बेड़ा सडक़ों पर उतर जाएगा।