5 जून तक बरसात के आसार

इंदौर। नौतपा के दौरान जहां आमतौर पर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिलता है, वहीं इस बार मौसम ने अलग ही रंग दिखाया है। शनिवार तडक़े हुई मई की पहली बारिश ने इंदौर को गर्मी से राहत दी है। रात से छाए बादल सुबह करीब साढ़े चार बजे बरस पड़े और शहर का तापमान नीचे खींच लाए।
पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी और पानी की समस्या से जूझ रहे शहर के लिए यह बारिश राहतभरी खबर लेकर आई है। सुबह से रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी है, जबकि आसमान पर बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम में घुली ठंडक का असर लोगों की दिनचर्या में भी दिखाई दिया।विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह इस वर्ष मई महीने की पहली वर्षा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से भी कम रहा। इस दौरान हवाओं की अधिकतम रफ्तार 46 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम के कारण इंदौर सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र में 5 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। कई स्थानों पर तेज आंधी भी चल सकती है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि 25 मई से शुरू हुआ नौतपा आमतौर पर वर्ष के सबसे गर्म दिनों का दौर माना जाता है, लेकिन इस बार बादलों और बारिश ने इसकी तीव्रता को काफी हद तक कम कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है तथा पारा 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। लगातार बारिश की संभावना को शहर के जल संकट से जोडक़र भी देखा जा रहा है। यदि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है तो गर्मी के साथ-साथ पानी की समस्या से भी लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।