राजा रघुवंशी जैसा एक और हत्याकांड होते होते बचा!

शिलांग ले जाकर वहां ज़हर देकर किसी खाई में धकेल मारने की साज़िश

Another Raja Raghuvanshi-like massacre was averted.
Another Raja Raghuvanshi-like massacre was averted.

इन्दौर मैट्रिमोनियल साइट से उत्तरप्रदेश की एक तलाकशुदा महिला से शादी करना इन्दौर के एक वकील के लिए जानलेवा साबित होते होत बच गया नहीं तो इन्दौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की पुनरावृत्ति हो सकती थी। इन्दौर के इस वकील के साथ उक्त तलाकशुदा महिला ने उसे शिलांग ले जाकर वहां ज़हर देकर किसी खाई में धकेल मारने की साज़िश रची थी।

लेकिन वक्त रहते वकील पति ने अपनी पत्नी की साजिश को भांप लिया और मामले में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। मामला खुड़ैल थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने वकील की शिकायत पर नीलिमा सेंगर निवासी उत्तर प्रदेश और उसके साथी शुभम सेंगर उर्फ गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वकील ने पुलिस को अपनी दर्ज शिकायत में बताया कि उसने एक मैट्रिमोनियल साइट पर महिला का प्रोफाइल देखा था। जिसमें महिला ने खुद को तलाकशुदा बताया। बातचीत का सिलसिला बढ़ा, मुलाकातें हुई और दोनों ने सहमति से शादी कर ली। शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे शुभम नामक एक युवक जिसे महिला ने अपना भाई बताया का उनके घर पर आना-जाना शुरू हुआ।

वकील को उस समय कोई शक नहीं हुआ। कुछ समय बाद महिला उसको लेकर शिलांग घूमने गई। वहां घूमने-फिरने के दौरान एक दिन महिला ने खाने में कुछ ऐसा दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे खून आने की शिकायत हुई। यहीं से उसका शक गहराया। जब उसने पत्नी से सवाल किए तो उसने किसी भी तरह का जहरीला पदार्थ देने से साफ इनकार कर दिया। लेकिन उसको लगा कि मामला गंभीर है तो उसने सतर्कता बरती और खुद को संभाला। इसके बाद उसने अपनी पत्नी के अतीत की पड़ताल शुरू की और उसके पूर्व पति से तलाक के दस्तावेज कोर्ट से निकलवाए तो सच्चाई सामने आ गई। पूर्व पति ने कोर्ट में दस्तावेज पेश कर बताया था कि जिसे महिला अपना भाई शुभम बताती है, वह उसका प्रेमी है और शुभम का असली सरनेम भी सेंगर नहीं बल्कि गुप्ता है।

वकील ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उसको आशंका है कि उसे जानबूझकर शिलांग ले जाया गया था, ताकि सुनसान इलाके में ले जाकर किसी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या की जा सके, बिल्कुल चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की तरह। मामले में यह बात भी सामने आई है कि जब महिला को अंदेशा हुआ कि उसकी पोल खुल चुकी है, तो वह लाखों रुपए के जेवर लेकर फरार हो गई। वकील से फोन पर हुई बातचीत में उसने यह स्वीकार भी किया कि शुभम उसका प्रेमी है और उसी को भाई बताकर मिलवाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश के लिए टीम गठित की है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में मामला आर्थिक लाभ के लिए रची गई साजिश का प्रतीत हो रहा है। शादी के जरिए भरोसा जीतकर संपत्ति और जेवर हड़पने की योजना बनाई गई थी। लेकिन हत्या की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। crime in indore

source – ems