धुएं के कारण सुबह विजिबिलिटी घटकर 400 मीटर तक पहुंची

इन्दौर। दीपावली के बाद शहर में बढ़े वायु प्रदूषण का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। हवा में धुआं और प्रदूषक तत्व बढऩे के कारण सोमवार सुबह इंदौर में दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 400 मीटर तक पहुंच गई। कम दृश्यता के चलते देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। सुबह शुरू हुआ देरी का सिलसिला दिनभर जारी रहा।
इस दौरान एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही में दबाव और कंजेशन के कारण मुंबई से इंदौर आ रही इंडिगो की फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 185 यात्री सवार थे। फ्लाइट ने इंदौर के आसमान में करीब 15 मिनट तक चक्कर लगाए, लेकिन लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण उसे भोपाल भेज दिया गया।
एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह चार आने वाली उड़ानें देरी से पहुंचीं। दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 1725 सुबह 7.15 बजे के निर्धारित समय के बजाय 8.03 बजे पहुंची। मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 2591 सुबह 7.25 बजे के बजाय 8.36 बजे आई। पुणे से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 289 सुबह 6.25 बजे के बजाय 7.29 बजे पहुंची। वहीं, बेंगलुरु से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2050 सुबह 7.05 बजे के बजाय 7.55 बजे लैंड हुई। आने वाली उड़ानों के साथ प्रस्थान करने वाली फ्लाइटों पर भी असर पड़ा। एयर इंडिया की इंदौर-दिल्ली फ्लाइट 1860 सुबह 7.45 बजे के बजाय 8.42 बजे रवाना हुई। इंडिगो की इंदौर-कोलकाता फ्लाइट 6 ई 6566 सुबह 6.55 बजे के बजाय 8.20 बजे रवाना हुई। एयर इंडिया की इंदौर-मुंबई फ्लाइट ्रढ्ढ 2592 भी सुबह 8 बजे के बजाय 9.10 बजे रवाना हुई।