नाले किनारे बने मकानों को देंगे नोटिस

इंदौर। शहर में कई जगह नदी और नाले के किनारे मकान बने हुए है। जिससे हादसे का अंदेशा बना रहता है।
मानसून के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने नदी और नालों के किनारे बने मकानों के खिलाफ कार्रवाई होगी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कई मकान चिन्हित किए जाएंगे। जो नालों और नदी के बेहद समीप बने होने के कारण बारिश के दौरान खतरे की जद में आ जाते हैं।
निगम अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से नालों का जलस्तर तेजी से बढऩे की संभावना रहती है। ऐसे में नालों के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्हें समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतने और जोखिम वाले क्षेत्रों को खाली करने के निर्देश दिए जाएंगे। बारिश के दौरान जलभराव, कटाव और मकानों के क्षतिग्रस्त होने जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है और आपदा प्रबंधन के तहत आवश्यक इंतजाम भी किए जा रहे हैं। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।