93 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं तूफानी हवाएं, बारिश से मौसम हुआ सुहाना

Stormy winds blew at a speed of 93 km per hour, rain made the weather pleasant.
Stormy winds blew at a speed of 93 km per hour, rain made the weather pleasant.

इंदौर। शहर में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज धूलभरी आंधी के साथ बारिश ने दस्तक दी। करीब 93 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तूफानी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए, जबकि कुछ इलाकों में मकानों की टीन और चादरें भी उड़ गईं। तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और रात का पारा 4 डिग्री से अधिक नीचे आ गया। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार शाम से रात के बीच 0.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि रीगल स्थित वेदर मॉनिटरिंग स्टेशन पर 2.25 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
शहर के मध्य क्षेत्र में बारिश का असर अधिक रहा, जबकि पश्चिमी हिस्सों में केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4 डिग्री और एक दिन पहले की तुलना में 4.3 डिग्री कम रहा। इस दौरान पश्चिमी दिशा से हवाएं चलीं और उनकी अधिकतम गति 93 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इंदौर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला हुआ है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी दोपहर बाद आंधी और बारिश की संभावना जताई है।